- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sambha: भाजपा नेता की...
Sambha: भाजपा नेता की घर में घुसकर जहरीले इंजेक्शन लगाकर हत्या

संभल: जुनावई थाना क्षेत्र के दबथरा हिमांचल गांव में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य गुलफाम सिंह यादव की उनके घर में घुसकर जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात बाइक सवार तीन हमलावरों ने अंजाम दी, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। एसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
सोमवार दोपहर करीब 1 बजे 70 वर्षीय भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव अपने घर में बने पशुवाड़े में बैठे थे। तभी बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले गुलफाम सिंह से बातचीत की, फिर अचानक जहरीला इंजेक्शन लगाकर फरार हो गए।
इंजेक्शन लगते ही गुलफाम सिंह चीख पड़े, जिससे परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे और उन्हें तत्काल सीएचसी गुन्नौर ले गए। हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
राजनीतिक सफर और चर्चित घटनाएं
1976 में वे आरएसएस के जिला कार्यवाह बने और बदायूं में भाजपा के जिला महामंत्री भी रहे। 1998 में सपा समर्थक शिक्षक लालाराम यादव की हत्या के मामले में नामजद होने के बाद वे चर्चा में आए। 2004 के विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने उन्हें मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा था। 2016 में वे भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बने और बाद में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बने। उन्हें उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग का सदस्य भी बनाया गया था। उनके बड़े बेटे दिव्य प्रकाश जुनावई के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गुलफाम सिंह यादव को जहरीला इंजेक्शन देकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।शव का पैनल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मृत्यु का सही कारण पता चल सके। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाजपा ने जताया शोक
भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता की हत्या को अपूरणीय क्षति बताया और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव है, और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





