- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बोले- सपा के कुछ लोगों...
बोले- सपा के कुछ लोगों ने भी दिया वोट, द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई

लखनऊ. राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने बड़ी जीत हासिल की है. द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी विधायक और प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है. शिवपाल ने कहा कि पहली बार आदिवासी समाज की महिला राष्ट्रपति बनी हैं, मैं उनको बधाई देता हूं. उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम यादव) के विचारों पर चलने वाले कभी
नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं. प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह ने कहा कि मैंने भी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है. उन्होंने दावा करते हुए कहा- हां सपा के कुछ लोगों ने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है. दरअसल, मुर्मू का मुकाबला विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से था. द्रौपदी मुर्मू के दिल्ली आवास पर जश्न का माहौल है.
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को योगी सरकार ने Y श्रेणी की सुरक्षा देने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि ओपी राजभर ने सरकार से सुरक्षा की एप्लीकेशन दी होगी. वहीं सरकार को जरूरी लगा होगा इसलिए उन्हें सुरक्षा दी होगी. इसको राष्ट्रपति चुनाव से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि अगर हमारी राय मानते होते तो आज नतीजे कुछ दूसरे होते.
बता दें कि इसके पहले शिवपाल यादव, सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा एनडीए कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में आयोजित डिनर में भी शामिल हुए थे. उस डिनर डिप्लोमेसी में सुभासपा चीफ ओमप्रकाश राजभर और शिवपाल की मौजूदगी को लेकर कहा जाने लगा था बीजेपी ने विपक्ष में सेंध लगा दी है. इसके अलावा बरेली के भोजीपुरा से विधायक सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने भी द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है.