- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sahibabad: फैक्टरी में...
Sahibabad: फैक्टरी में क्रेन हादसे से कर्मी की मौत, चालक पर मामला दर्ज

साहिबाबाद: लिंकरोड थानाक्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र साइट चार में क्रेन पर काम कर रहे साहिबाबाद के सत्यम एंक्लेव निवासी मनोज कुमार पर क्रेन का हुक टूटकर गिर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दो मई को हुआ था, लेकिन मनोज की मौत का पता चलते ही उनकी पत्नी की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मां की तबीयत ठीक होने के बाद उनके बेटे प्रशांत सिंह ने क्रेन चालक मुकेश कुमार सिंह के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रशांत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता मनोज कुमार दो मई की शाम करीब 6:30 बजे साइट चार में मुकेश कुमार के साथ काम कर रहे थे। तभी क्रेन चालक ने झटके से तेज रफ्तार में क्रेन को चला दिया। इस वजह से क्रेन की वायर रोप अचानक टूट गई और उसमें लगा भारी-भरकम हुक उनके पिता के ऊपर गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तब डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। जब इसके बारे में मां को बताया तब उनकी हालत बिगड़ गई। कई दिनों तक उनका अस्पताल में इलाज चला। सेहत ठीक होने पर उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि पीड़ित ने 26 मई को शिकायत दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





