- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sahibabad: ग्रैप...
Sahibabad: ग्रैप प्रतिबंध लागू होते ही पहले दिन ही हुआ उल्लंघन

साहिबाबाद: पहले ही दिन लोगों ने ग्रैप की पाबंदियों की धज्जियां उड़ाई। जगह-जगह निर्माण कार्य चलते रहे और कहीं पर भी निर्माण सामग्री को ढका नहीं गया। पाबंदियां लागू होने के बाद सड़कों पर कहीं पानी का छिड़काव होता हुआ भी नहीं दिखा। इन सबके बीच शाम को हुई बारिश ने लोगों को राहत दिलाई। शनिवार शाम पांच बजे सीपीसीबी के समीर एप पर जनपद का एक्यूआई 134 दर्ज किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
गत सप्ताह बुधवार से धूल भरी आंधी चलने से दिल्ली एनसीआर में एक्यूआई बढ़ा हुआ था। ऐसे में शुक्रवार शाम को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से ग्रैप के प्रथम चरण की पाबंदियां दिल्ली एनसीआर में लागू कर दी गई थीं। हालांकि शनिवार को गाजियाबाद में कहीं भी पाबंदियों पर अमल होता नहीं दिखा। वसुंधरा, इंदिरापुरम और कविनगर में कई जगह पहले की तरह ही निर्माण कार्य जारी रहे। वहीं, निर्माण सामग्री भी लोग खुले में रखे रहे। गनीमत रही कि शनिवार की शाम आंधी के बाद हुई बारिश ने हवा में मौजूद धूल के कणों को जमीन पर बिठा दिया और एक्यूआई में पहले के मुकाबले काफी सुधार रहा। शुक्रवार शाम को भी कई जगह हुई बारिश ने हवा की सेहत में सुधार किया।
शुक्रवार की शाम जनपद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 221 दर्ज किया गया था, जबकि चौबीस घंटे के अंतराल में 87 अंक की कमी से यहां का एक्यूआई 134 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम एवं संजयनगर के लोगों को भी राहत मिली। यहां की हवा में भी सुधार हुआ और एक्यूआई सामान्य श्रेणी में दर्ज किया गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि ग्रैप की पाबंदियां पर कितना अमल हो रहा है। इसके लिए टीम गठित की गई है। अन्य विभागों की भी जिम्मेदारी है। यदि कोई लापरवाही करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





