उत्तर प्रदेश

Sahibabad: चोरों ने दिन-दहाड़े महिला के घर से उड़ाए पांच लाख

Admindelhi1
28 May 2025 5:32 PM IST
Sahibabad: चोरों ने दिन-दहाड़े महिला के घर से उड़ाए पांच लाख
x
"दरवाजा तोड़कर घुसे"

साहिबाबाद: लिंकरोड थानाक्षेत्र के बृज विहार स्थित एचआईजी कॉलोनी में मकान नंबर 64 का दरवाजा तोड़कर दो युवक करीब पांच लाख रुपये की चोरी करके भाग गए। वारदात 24 मई को दिन-दहाड़े करीब तीन-चार बजे के बीच हुई। शाम करीब छह बजे जब मकान में किराये पर रहने वाली प्रियंका जैन घर वापस लौटीं तब टूटा व खुला दरवाजा देख चोरी का पता चला। घर की अलमारी से नकदी व जेवरात गायब थे। पुलिस ने मौका मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज खंगालीं तब दो आरोपियों की फुटेज मिली। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से दिल्ली के सूर्या निकेतन निवासी प्रिया जैन बृज विहार में एचआईजी फ्लैट में किराये पर अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि 24 मई को वह अपनी मां के घर गई हुई थीं। शाम करीब छह बजे वह मकान पर वापस लौटीं तब घर की बालकनी की तरफ का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंची तब दोनों अलमारी खुली पड़ी थीं और उनका लॉक भी टूटा हुआ था। छानबीन में पता चला कि अलमारी में रखी 50 हजार रुपये की नकदी और करीब 4.50 लाख रुपये के जेवरात भी चोरी हो चुके थे। जब घर के पीछे की तरफ पहुंची तब वहां का दरवाजा आधा टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। उसमें शाम करीब 4:45 बजे दो युवक फ्लैट से निकलकर जाते हुए दिखाई दिए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया तब घर के बाहर बनी क्यारी में गिरा हुआ गमला और दीवार पर मिट्टी के निशान मिले। आशंका जताई जा रही है, कि चोर दीवार कूदकर घर में घुसे और सामने का दरवाजा बंद मिलने पर घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story