- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sahibabad: टैक्सी चालक...
Sahibabad: टैक्सी चालक और बीफार्मा पास युवक ने दिनदहाड़े लूट की, पुलिस ने गिरफ्तार किया

साहिबाबाद: पाइप मार्केट चौकी के सामने जीटी रोड स्थित इन्वर्टर-बैटरी कारोबारी वैभव जैन और उनके कर्मचारी आफताब व प्रियंका से तीन मोबाइल और दुकान से 1.50 लाख रुपये नकदी लूटने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लूट के मास्टरमाइंड टीलामोड़ के आकाश विहार निवासी वीरू उर्फ वीरेंद्र और लोनी के मुगल गार्डन निवासी दानिश को 11 मई की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। गैंग के दूसरे साथी बीफार्मा पास कर चुके युवक लोनी के खन्ना नगर निवासी हैदर और नाईपुरा निवासी विशाल को पुलिस ने उन्हीं के घरों से दबोच लिया। पूछताछ में चारों ने रुपयों की जरूरत होने पर योजनाबद्ध तरीके से लूट को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि मास्टरमाइंड वीरू उर्फ वीरेंद्र टैक्सी चालक है। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती हैं। प्रसव के लिए आॅपरेशन होना था, जिसमें ज्यादा रुपयों की जरूरत थी। इसके बाद उसने अपने साथी दानिश, हैदर और विशाल से बातचीत कर योजना बनाई। डीसीपी ने बताया कि चारों पहले से परिचित हैं और गहरी दोस्ती भी है। बताया कि आरोपी विशाल टीलामोड़ थानाक्षेत्र स्थित इन्वर्टर-बैटरी के फुटकर विक्रेता की दुकान पर नौकरी करता है। उसका वैभव जैन की दुकान पर अक्सर आना-जाना था। इसलिए वीरू ने दुकान और कारोबारी की रेकी का काम उसे सौंपा था। करीब पांच-छह दिन की रेकी के बाद चारों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ में भी यह भी बात सामने आई कि आरोपियों को दुकान से करीब 20-25 लाख रुपये मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कम कैश मिलने पर एक ने जान से मारने की भी धमकी दे डाली थी। पुलिस ने जो दो बाइकें आरोपियों के पास से बरामद की हैं, वह दोनों ही आरोपी अपने परिचितों से मांगकर लाए थे। वहीं वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए तमंचे का इंतजाम वीरू ने ही किया था। पुलिस ने आरोपियों से दो तमंचे, कारतूस, दो बाइक, लूटे गए दो मोबाइल और 45 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। मामला का जल्द खुलासा होने पर पाइप मार्केट बाजार के व्यापारियों ने थाने पहुंचकर डीसीपी निमिष पाटील, एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव और थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह को सम्मानित किया। साथ ही जांच करने वाली स्वाट व पुलिस टीम को व्यापारियों की तरफ से 11 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। वहीं डीसीपी ने भी टीम को 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।
कर्ज चुकाने के लिए साथ आया बीफार्मा पास युवक: डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि लूट मामले का एक आरोपी हैदर बीफार्मा की पढ़ाई पूरी कर चुका है। उसकी शादी हो चुकी है और पत्नी भी मेडिकल क्षेत्र में कार्यरत है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसके ऊपर लाखों का कर्ज हो गया था। कर्ज किस बात के लिए लिया गया और किससे लिया, इसकी जांच अभी चल रही है। पूछताछ में हैदर ने कहा कि कर्ज चुकाने के लिए वह लूट की योजना में शामिल हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए: आठ मई की शाम करीब 4:30 बजे लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पक्की योजना तैयार की थी। उन्हें पता था कि पुलिस उन्हें दिल्ली व अन्य शहरों को जाने वाले रास्तों पर तलाश करेगी। इसलिए उनमें से कोई भी दूसरे शहर को नहीं गया। वारदात के बाद चारों अपने-अपने घरों पर पहुंचे और हर रोज की तरह सामान्य तरह से रहने लगे। पुलिस जब कैमरों की फुटेज खंगालते हुए लोनी पहुंची तब एक पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की बाइकें दिखाई दीं। यहां तक पेट्रोल भरवाने के लिए एक आरोपी ने आॅनलाइन भुगतान किया और पुलिस ने सुराग तलाशते हुए आरोपियों को ट्रेस कर लिया।





