उत्तर प्रदेश

Sahibabad: हिंडन हवाई अड्डे से भुवनेश्वर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हुई

Admindelhi1
31 March 2025 3:13 PM IST
Sahibabad: हिंडन हवाई अड्डे से भुवनेश्वर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हुई
x
"हिंडन हवाई अड्डे से जुड़ने वाला भुवनेश्वर 12वां शहर बन गया"

साहिबाबाद: हिंडन हवाई अड्डे से रविवार को भुवनेश्वर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई। फ्लाइट चेन्नई से 123 यात्रियों को लेकर हिंडन पहुंची और यहां से 134 यात्रियों को लेकर सुबह 9:20 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गई। दोपहर 2:20 बजे भुवनेश्वर से वापसी की फ्लाइट आई और हिंडन से 155 यात्रियों को लेकर चेन्नई के लिए उड़ान भरी। इस उड़ान के बाद हिंडन हवाई अड्डे से जुड़ने वाला भुवनेश्वर 12वां शहर बन गया है।

भुवनेश्वर के लिए जाने वाली पहली फ्लाइट चेन्नई से 123 यात्रियों को लेकर हिंंडन हवाई अड्डे पर पहुंची थी। चेन्नई से भुवनेश्वर को जाने वाली फ्लाइट का हिंडन हवाई अड्डा कनेक्टिंग बिंदु है। रविवार को शुरू हुई इस हवाई यात्रा से लोगों में उत्साह नजर आया। भुवनेश्वर से लौटे उत्तराखंड के रहने वाले संदीप कंवर ने बताया कि दिल्ली से फ्लाइट पकड़ने के मुकाबले हिंडन राहत भरा रहा। कई घंटे की दौड़ और समय दोनों की बचत हुई है।

हमांशु कुमार ने बताया कि सीधी हवाई सेवा से अब काफी राहत है। चेन्नई और गाजियाबाद के लिए कम समय में कनेक्टिविटी से कारोबारी हों या नौकरी पेशा सभी को आराम रहेगा। हवाई अड्डे के निदेशक उमेश यादव ने बताया कि पहले दिन 80 फीसदी सीटें फुल रहीं। समय से विमान ने यात्रा शुरू की और समय से पहले भुवनेश्वर का विमान यहां पहुंच गया था।

फरवरी तक हिंडन से पांच शहरों के लिए ही उड़ान थी। मार्च में सात और जुड़ गए। अप्रैल में चार और जुड़ने की संभावना है। इसके लिए एयरपोर्ट प्रबंधन की विमानन कंपनियों से बात चल रही है। ये शहर हैं लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और मुरादाबाद।

Next Story