- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sahibabad: अवैध कब्जा...
Sahibabad: अवैध कब्जा करने के आरोप में यूनियन बैंक प्रबंधक पर मामला दर्ज

साहिबाबाद: थानाक्षेत्र के राजेंद्रनगर सेक्टर दो की डॉ. सोनी गुप्ता ने पसोंडा स्थित यूनियन बैंक के प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने संपत्ति पर बैंक शाखा संचालन के लिए अवैध कब्जा करने, रेंट एग्रीमेंट (किरायानामा) न करने और महिला से गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में डॉ. सोनी ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले आफताब और फरजाना नाम के दो लोगों से पसोंडा स्थित जमीन खरीदी थी। उस भू-खंड पर यूनियन बैंक आॅफ इंडिया की शाखा पहले से संचालित है। बैंक का एग्रीमेंट आफताब और फरजाना के साथ था, लेकिन जमीन खरीदने के बाद से किराया उन्हें मिलना चाहिए था। आरोप है कि बैंक ने 10 माह तक किराया नहीं दिया।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बाद नौ अक्तूबर 2024 को बैंक की तरफ से एक मुश्त किराया उन्हें दिया गया। बताया कि तब तक पुराने संपत्ति मालिक से बैंक के किरायानामा की समयावधि पूरी हो चुकी थी। आरोप है कि तब से बैंक ने उनके साथ नया एग्रीमेंट नहीं किया और अवैध रूप से बिना अनुमति के कब्जा कर रखा है। जब उन्होंने एग्रीमेंट करने की बात कही तब बैंक प्रबंधक ने उनसे गाली-गलौज कर बदतमीजी करना शुरू कर दिया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





