- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sahibabad: 11 करोड़ में...
Sahibabad: 11 करोड़ में बनी 2.5 किलोमीटर की सड़क 1 साल भी नही चली

साहिबाबाद: सिद्धार्थ विहार को एनएच नौ से जोड़ने वाली 2.5 किलोमीटर की सड़क 12 महीने भी नहीं चल पाई है जबकि इसे बनाने पर 11 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इस सड़क के निर्माण के लिए आसपास के लोगों ने दस साल तक आवाज उठाई थी। धरना-प्रदर्शन के बाद बनी इस सड़क की अब हालत यह है कि हर 20 मीटर पर गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में गिरकर वाहन पलटने का खतरा है।
सालभर पहले यह रास्ता बेहद जर्जर हालत में था। आए दिन वाहन पलट रहे थे। हादसों में लोग घायल हो रहे थे। इसके निर्माण के लिए सिद्धार्थ विहार के लोग कभी विधायक तो कभी सांसद के पास चक्कर काट रहे थे। हर जगह से आश्वासन मिलता रहा। एक दशक का लंबा समय इसी तरह गुजर जाने के बाद पिछले साल सड़क बनी तो लोगों को लगा कि अब लंबे समय के लिए परेशानी दूर हो गई लेकिन हुआ नहीं।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही सड़क की स्थिति बिगड़नी शुरू हो गई थी। शुरू में ऊपर की परत बाहर आई। इसे आवास विकास परिषद ने ठीक करा दिया। पिछले साल ही बारिश के मौसम में सड़क जगह जगह से उखड़ गई थी। इसकी भी मरम्मत करा दी गई। दो महीने पहले भी गड्ढे हो गए थे। इन्हें भरवा दिया गया । यह सिर्फ एक सड़क नहीं है जो जल्दी टूट गई। इससे पहले काजमपुर रोड भी टूट चुकी है जो चार महीने पहले ही बनाई गई थी।





