- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur पुलिस की...

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश : सहारनपुर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 65 ग्राम अवैध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है।यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। चौकी अम्बेहटापीर के कार्यवाहक प्रभारी उपनिरीक्षक रणवीर शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे, इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम अम्बेहटी जाने वाले रास्ते पर स्थित ट्यूबवेल के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाशिम पहलवान पुत्र सलामू, निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से 65 ग्राम अवैध स्मैक और मादक पदार्थों की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया। पुलिस का मानना है कि आरोपी नशा तस्करी के अवैध नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और स्मैक की सप्लाई में सक्रिय था।बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 356/26, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसके खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।





