उत्तर प्रदेश

इनामी कारीगर को 14 साल बाद सहारनपुर पुलिस ने पालघर से किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
13 Jan 2023 12:58 PM GMT
इनामी कारीगर को 14 साल बाद सहारनपुर पुलिस ने पालघर से किया गिरफ्तार
x

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश की सहारनपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने स्वर्ण आभूषण बनाने वाले पश्चिमी बंगाल के कारीगर पुर्नसांवत को महाराष्ट्र के जिला पालघर से मुंबई पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है और आज उसे यहां लाया गया। पुर्नसांवत करीब 14 साल से फरार चल रहा था। सहारनपुर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पहले पांच हजार रुपए और फिर उसके बाद 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। सहारनपुर के पुलिस दल ने महाराष्ट्र के जिला पालघर के थाना वालिव के सहयोग से पुर्नसांवत को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। वसई जिला पालघर की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर सहारनपुर पुलिस पुर्नसांवत को आज सहारनपुर पहुंची। जहां से उसे सहारनपुर अदालत में पेश किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पुर्नसांवत सहारनपुर नगर कोतवाली के कक्कड़गंज इलाके में सोने के आभूषण बनाने का काम किया करता था। सितंबर 2009 में नगर कोतवाली के कबाड़ी बाजार कक्कड़गंज निवासी संजय जैन ने सोने के जेवर बनाने को दिए थे, लेकिन पुर्नसांवत ने जेवर बनाकर नहीं दिए और वह संजय जैन समेत अनेक लोगों के करीब 100-125 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया था।

पीड़ित संजय जैन ने पुर्नसांवत के खिलाफ 18 सितंबर 2009 को नगर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 08 अप्रैल 2010 को अदालत में उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। पुर्नसांवत अपने खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही फरार हो गया था। अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी को लेकर कई जगह दबिश दी, लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदलने के कारण गिरफ्तार नहीं हो सका। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर शुरू में पांच हजार के इनाम रखा और बाद में इसे बढ़कार 25 हजार कर दिया।

एसपी सिटी ने बताया कि सहारनपुर नगर पुलिस ने एक बार फिर से उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए और उसकी लोकेशन पश्चिमी बंगाल के जिला हुबली थाना खनाकुल गांव नातिबपुर में मिली थी। सहारनपुर नगर पुलिस का एक दल उसके ठिकाने पर पहुंचा, लेकिन पुलिस के आने की भनक मिलते ही वह वहां से फरार हो गया।

पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी महाराष्ट्र भाग गया है। पुलिस ने उसकी लोकेशन मालूम कर महाराष्ट्र पहुंची।

एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि एक पखवाड़े के दौरान सहारनपुर जिला पुलिस ने करीब 20 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी सूरत में अपराधियों को गिरफ्तार करेगी।

Next Story