- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur: संदिग्ध...
Saharanpur: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति समेत तीन पर आरोप

सहारनपुर: सुल्तानपुर के मोहल्ला कोठी वाला में मंगलवार को निशा (29) पत्नी अजय की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। पति अजय कुमार ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला कोठी निवासी अजय कुमार पेशे से छोले-भटूरे की रेहड़ी लगाता है। उसका कहना है कि जब वह रात को घर लौटा तो अंदर निशा फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में वह उसे चिकित्सक के पास ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर निशा के मायके गांव दीनारपुर (थाना गागलहेड़ी) परिजनों को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद गागलहेड़ी पुलिस की मदद से मृतका के परिजन सुल्तानपुर पहुंचे।
दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप
मृतका के पिता कालूराम ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी 30 जनवरी 2019 को अजय कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दो लाख रुपये नकद और एक कार की मांग कर रहा था। आरोप है कि दबाव में आकर उन्होंने एक लाख रुपये दे दिए, फिर भी दहेज की मांग बंद नहीं हुई।
कालूराम ने साफ आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या की है। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा मात्र पांच माह का है और सबसे बड़ा छह साल का।
तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चिलकाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति अजय कुमार, देवर विजय और ससुर बबलू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





