- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur: पिता ने...
Saharanpur: पिता ने मां, पत्नी और दो बेटों की हत्या के बाद आत्महत्या की

सहारनपुर: सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक विहार कॉलोनी में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नकुड़ तहसील में संग्रह अमीन के पद पर तैनात अशोक राठी (40) ने अपनी मां विद्यावती (70), पत्नी अंजिता (35) और दो बेटों कार्तिक (16) व देव (13) की गोली मारकर हत्या की, इसके बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।घटना स्थल पर सभी शव एक ही कमरे में बिस्तर पर पड़े मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सभी के सिर और सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मौके से तीन देसी पिस्टल और आठ से दस कारतूस के खोखे बरामद किए हैं।
परिवार और रहन-सहन की जानकारी
अशोक राठी मूलरूप से नकुड़ के गांव खारीबांस के रहने वाले थे। लगभग दो साल से वह परिवार के साथ सरसावा में रह रहे थे। पहले वे टीचर कॉलोनी में रहते थे, बाद में गांव के ही मांगेराम के मकान में ऊपर के तल पर किराए से शिफ्ट हो गए। नीचे का हिस्सा खाली था। उनकी बहन पिंकेश वहीं सावन विहार कॉलोनी में रहती हैं।
घटना का खुलासा
मंगलवार सुबह पिंकेश ने अशोक को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे प्रीत को भाई के घर भेजा। दरवाजा बंद होने पर प्रीत ने अपने पिता जयवीर को सूचना दी। उन्होंने सीढ़ी लगाकर रसोई की खिड़की तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।पुलिस जांच में यह सामने आया कि अशोक लंबे समय से अवसाद से पीड़ित थे। उनका इलाज चंडीगढ़ के पीजीआई में चल रहा था और पिछले साल एक महीने के लिए वे अस्पताल में भर्ती भी रहे। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि उन्होंने हत्या से पहले परिवार के सदस्यों को संभवतः नशीला पदार्थ खिलाया।अशोक ने आत्महत्या से पहले अपनी बहन पिंकेश और मोना को व्हाट्सएप ऑडियो संदेश भी भेजे थे। संदेश में उन्होंने कहा कि वे मजबूर थे और अगर अकेले मरते तो परिवार का कौन ख्याल रखता।
संभावित वजह और जांच
पुलिस का मानना है कि परिवार में रहने और नए मकान में शिफ्टिंग को लेकर मतभेद चल रहे थे। एक फरवरी को परिवार नए मकान में शिफ्ट होने वाला था, जिसमें विवाद की संभावना थी। हालांकि, प्राथमिक जांच में कोई स्पष्ट आपराधिक कारण सामने नहीं आया है।डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल और एसएसपी आशीष तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अशोक की मेडिकल हिस्ट्री और मोबाइल के ऑडियो संदेशों की भी पड़ताल की जा रही है।डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अशोक ने परिवार के सदस्यों की हत्या के बाद आत्महत्या की है। मामले की गहन जांच जारी है।





