- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur: किराए के...
Saharanpur: किराए के मकान में परिवार पर फायरिंग, पांच की मौत

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के मकान के भीतर एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए। सभी की मौत गोली लगने से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।मृतकों की पहचान नकुड़ तहसील में तैनात संग्रह अमीन अशोक कुमार (40), उनकी वृद्ध मां विद्यावती (70), पत्नी अंजिता (35) और दो नाबालिग बेटे कार्तिक (16) तथा देव (13) के रूप में हुई है। सभी शव घर के अलग-अलग कमरों में पड़े मिले, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक के सिर की कनपटी पर गोली लगी है, जबकि उनकी मां, पत्नी और दोनों बेटों को माथे पर गोली मारी गई है। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई। घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।पुलिस के अनुसार, अशोक कुमार नकुड़ तहसील में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत थे और कुछ समय से सरसावा कस्बे में परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था और किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी पहले सामने नहीं आई थी। मंगलवार सुबह काफी देर तक घर से कोई हलचल न होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को आत्महत्या अथवा पारिवारिक त्रासदी के एंगल से भी जांच रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारण और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे आर्थिक दबाव, मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण तो नहीं है।इस सामूहिक मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं, वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने परिजनों और परिचितों से पूछताछ शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





