उत्तर प्रदेश

Saharanpur: पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने पर ही सभी की समस्याएं हल होगी: भगत सिंह वर्मा

Admindelhi1
15 March 2025 2:44 PM IST
Saharanpur: पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने पर ही सभी की समस्याएं हल होगी: भगत सिंह वर्मा
x

सहारनपुर: काशीराम की 91वीं जयंती के अवसर पर देहरादून रोड रविदास छात्रावास पर एक बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि काशीराम का सपना था कि देश की आजादी का लाभ सभी को तब होगा जब देश के आखिरी पायदान पर खड़ा गरीब, किसान, मजदूर, वंचित, शोषित, आर्थिक रूप से मजबूत होगा। और यह सब सत्ता में आने पर भी संभव होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है कि किसानों, गरीबों, मजदूरों, वंचितों, शोषितों, दबे-कुचले लोगों की आर्थिक उन्नति के लिए उत्तर प्रदेश का विभाजन जरूरी है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर बनने वाला पृथक पश्चिम प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे विकसित और उन्नतशील राज्य होगा। उत्तर प्रदेश देश ही नहीं दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। दुनिया के मात्र तीन देश भारत, चीन और अमेरिका जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश से बड़े हैं। उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य होने के कारण यहां कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। पूरा प्रदेश गरीबी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, गुंडागर्दी एवं अव्यवस्था की चपेट में है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिले सरकार को 80% राजस्व देते हैं जबकि यहां के विकास पर मात्र 19% धन खर्च किया जाता है। सबसे अधिक राजस्व देने के बावजूद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक भी एम्स नहीं है।

उत्तर प्रदेश में दो एम्स हैं दोनों पूर्वांचल में हैं। आईआईटी पूर्वांचल में है। भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने पर यहां शिक्षा और चिकित्सा अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी और सभी को नि:शुल्क होगी। सहारनपुर और मेरठ में एम्स की स्थापना होगी, मेरठ में हाईकोर्ट और राजधानी होगी। और प्रति व्यक्ति वार्षिक आय देश में ही नहीं दुनिया में कतर सिंगापुर, लक्जमबर्ग देश से भी अधिक होगी। बैठक में काशीराम को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। और इस अवसर पर रोहित गौतम को भारतीय किसान यूनियन वर्मा का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया।

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है कि युवा शक्ति को आगे आकर अपनी समस्याओं को हल करने के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण के संघर्ष में भागीदारी करनी चाहिए। बैठक को राष्ट्रीय सलाहकार रजत शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित नीरज कपिल, प्रदेश संगठन मंत्री धर्मवीर चौधरी, प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक, प्रदेश मंत्री संदीप एडवोकेट, मंडल मीडिया प्रभारी दुष्यंत सिंह, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, सौरभ कुमार, विशाल कुमार, रोहिताश चौटाला, भारतीय किसान यूनियन वर्मा के प्रदेश प्रवक्ता रोहित गौतम ने संबोधित किया।

Next Story