उत्तर प्रदेश

Saharanpur: मुहर्रम से पहले व्यवस्था को लेकर इमामबाड़ों और प्रशासन के बीच समन्वय बैठक

Admindelhi1
12 Jun 2025 12:05 PM IST
Saharanpur: मुहर्रम से पहले व्यवस्था को लेकर इमामबाड़ों और प्रशासन के बीच समन्वय बैठक
x

सहारनपुर: सहारनपुर नगर में मुहर्रम की तैयारियाँ प्रारम्भ हो चुकी हैं। आगामी 26 जून 2025 से मुहर्रम का महीना आरंभ हो रहा है, जिसके दृष्टिगत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित इमामबाड़ों व कर्बला पर परंपरागत रूप से मजलिसों, जुलूसों और अज़ादारी के अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह माह विशेष रूप से हज़रत इमाम हुसैन अ.स. और उनके जानिसारों की शहादत की याद में मनाया जाता है, जिसमें नगर सहित दूर-दराज़ से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित होते हैं।

इसी कड़ी में आज नगर के प्रमुख अज़ादारी स्थलों के प्रबंधकों ने नगर प्रशासन से भेंट कर मुहर्रम के कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की और आवश्यक तैयारियों को लेकर संवाद स्थापित किया। इस प्रतिनिधिमंडल में बड़े इमामबाड़े के प्रबंधक डॉ. अथर अब्बास, कर्बला सहारनपुर के प्रबंधक व आलमदार श्री अबु तालिब ज़ैदी, तथा छोटे इमामबाड़े के प्रबंधक श्री दानिश आब्दी शामिल रहे।

प्रबंधकों ने नगर मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी श्री व्योम बिंदल से विस्तार से चर्चा की और अज़ादारी में सम्मिलित होने वाले ज़ायरीनों की संख्या, मार्ग व्यवस्थाओं, साफ़-सफ़ाई, जलापूर्ति, पथ प्रकाश, चिकित्सा सुविधा, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था के सम्बंध में सुझाव प्रस्तुत किए।

नगर प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन: अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नगर में शांति एवं सौहार्द के वातावरण को बनाए रखते हुए अज़ादारी के सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन पूर्ण सहयोग करेगा। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा नगर निगम, विद्युत विभाग, जलकल, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन को निर्देश जारी करने का भरोसा दिलाया गया ताकि समय से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएँ।

अज़ादारी स्थलों पर तेज़ी से कार्य प्रारंभ: बड़े इमामबाड़ा, छोटे इमामबाड़ा, समानियों का इमामबाड़ा तथा कर्बला सहित अन्य स्थलों पर सफाई, एवं व्यवस्थाओं के कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। प्रबंधकों का कहना है कि उनका प्रयास रहेगा कि मुहर्रम में आने वाले प्रत्येक ज़ायरीन के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और धार्मिक भावना एवं अनुशासन के अनुरूप सभी कार्यक्रम सम्पन्न हों।

Next Story