- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur: एटीएम...
Saharanpur: एटीएम धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बड़ी संख्या में कार्ड और नकदी जब्त

सहारनपुर: पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले एक ठग को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव कैंडल निवासी पीड़ित ने कोतवाली में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
जिसमें बताया था कि अंबेहटा के एक एटीएम में धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल खाते से 19500 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर गांव नल्हेड़ा मार्ग से कार सवार अरुण पुत्र केहर सिंह, निवासी उत्तराखंड काॅलोनी, सदर बाजार सहारनपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के सात एटीएम कार्ड, छह हजार रुपये व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर धोखे से लोगों के एटीएम पिन कोड देख लेते हैं और मौका मिलते ही उनके एटीएम कार्ड बदलकर उनके खातों से रुपये निकाल लेते हैं। आरोपी ने बताया कि उन्होंने इससे पूर्व में भी अंबेहटा के दो अलग-अलग बैंको में एक महिला का एटीएम बदलकर उसके खाते से पचास हजार रुपये व एक व्यक्ति के खाते से साढ़े आठ हजार रुपये निकाले हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपी के साथी की तलाश कर रही है।





