उत्तर प्रदेश

Saharanpur: सामूहिक आत्महत्या की आशंका, मामले की जांच जारी

Admindelhi1
20 Jan 2026 2:24 PM IST
Saharanpur: सामूहिक आत्महत्या की आशंका, मामले की जांच जारी
x

सहारनपुर: सरसावा कस्बे की कौशिक विहार कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां किराए के मकान में रह रहे संग्रह अमीन अशोक (40), उनकी पत्नी अंजिता (35), मां विद्यावती (70) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) के गोली लगे शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सभी शव अपने-अपने बिस्तरों पर पड़े मिले। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अशोक के पिता सुरेंद्र भी तहसील में संग्रह अमीन थे। उनके निधन के बाद अशोक को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। फिलहाल इस सामूहिक मौत के पीछे की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक की कनपटी पर गोली लगी थी, जबकि पत्नी, मां और दोनों बेटों के माथे पर गोली मारी गई है।

अशोक मूल रूप से गांव खारीबांस के निवासी थे और पिछले करीब दो वर्षों से सरसावा की कौशिक विहार कॉलोनी में मांगे राम के मकान में किराए पर रह रहे थे। सरसावा के सावन विहार में रहने वाली उनकी बहन पिंकेश ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्होंने भाई को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर वह अपने बेटे प्रीत के साथ अशोक के घर पहुंचीं।

घर का दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद प्रीत ने सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया और दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक तमंचा भी बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Next Story