उत्तर प्रदेश

मिर्जापुर के आश्रम में साध्वी की हत्या

HARRY
23 Jun 2023 2:07 PM GMT
मिर्जापुर के आश्रम में साध्वी की हत्या
x

मिर्जापुर | अदलहाट थाना क्षेत्र के ग्राम बैकुण्ठपुर स्थित निष्काम सेवा आश्रम की उत्तराधिकारी एवं मठाधीश साध्वी भूज्योति उर्फ भूमिका देवी का शव गुरुवार की शाम उनके कमरे से मिला। कमरे का ताला बाहर से बंद था। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मान रही है।

जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय साध्वी भूमिका देवी अकेले ही उक्त आश्रम में रहती थीं। आश्रम के ठीक सामने आश्रम के कटरा में बनी कई दुकानों को उन्होंने किराए पर दे रखा है। गुरुवार देर शाम आश्रम से आ रही बदबू को लेकर कुछ दुकानदारों ने जिज्ञासा वश कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो बिस्तर पर शव दिखाई देने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी होते ही मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ओम प्रकाश सिह, सीओ चुनार उमाशंकर सिह,प्रभारी निरीक्षक थाना अदलहाट विजय चौरसिया,अहरौरा थाना प्रभारी कुमूद शेखर सिंह पहुंच गए। जिस कमरे में शव था उसका ताला बाहर से बंद था।

पुलिस अफसरों की निगरानी में कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ा गया। अंदर बेड पर साध्वी का शव मिला। कुछ ही देर में फरेंसिक और डॉग स्क्वाड भी वहां पहुंच गए। शव को बाहर निकाला कर आवश्यक कार्रवाई के बाद पीएम के लिए भेज दिया गया। इस मामले में एएसपी आपरेशन ओपी सिंह ने कहा कि जिस कमरे में शव मिला है उस पर बाहर से ताला लगा हुआ था। ऐसे में हत्या का मामला लग रहा है। बाकी जांच का विषय है।भूमिका देवी उक्त आश्रम में अकेली रहती थी। आश्रम की लगभग चालीस बिस्वा की जमीन को लेकर विवाद न्यायालय में चल रहा था। आश्रम के ठीक सामने के दुकानदारों ने बताया कि कई दिनों से भूमिका देवी का पता नहीं चल रहा था। उनका मोबाइल फ़ोन भी बंद चल रहा था।

निष्काम सेवा आश्रम ट्रस्ट की स्थापना स्वामी वामनानंद ने किया था। उनका निधन लगभग बारह वर्ष पूर्व हो गया था। आश्रम परिसर में ही उनकि समाधि बना दी गई थी। आश्रम की कुछ जमीन रोड में अधिग्रहित भी हुई थी। इसका मुआवजा की बड़ी धनराशि सरकारी खजाने में जमा है।

Next Story