उत्तर प्रदेश

Noida में अघोषित बिजली कटौती पर बवाल, विभाग को दिया ज्ञापन

Ratna Netam
10 July 2026 5:50 PM IST
Noida में अघोषित बिजली कटौती पर बवाल, विभाग को दिया ज्ञापन
x

Noida नोएडा : लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर अब सामाजिक संस्था नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) ने बिजली विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की है। संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने शुक्रवार को यूपीपीसीएल/पीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन से मुलाकात कर शहर की बिजली समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की।

एनसीएफ ने अपने ज्ञापन में कहा कि उत्तर प्रदेश की "शो विंडो" और "नो पावर कट जोन" के रूप में पहचान रखने वाला नोएडा पिछले कुछ समय से गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहा है। शहर के कई सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सोसायटियों और ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती, बार-बार फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है।

संस्था ने बताया कि कई क्षेत्रों में बिजली के पुराने और जर्जर तार, खुले ट्रांसफॉर्मर, नीचे लटकते विद्युत तार और करंट उतरने वाले पोल लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। खासकर रात के समय बिजली फॉल्ट होने पर अधिकारियों की अनुपलब्धता से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

बैठक के दौरान एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने नोएडा के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों की बिजली समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार, बच्चे और बुजुर्ग रहते हैं, लेकिन उन्हें आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इन क्षेत्रों को अब अवैध बताया जा रहा है तो इनके बसने के समय प्रशासन और संबंधित प्राधिकरणों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की।

इस पर मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने बताया कि बारिश के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर और बिजलीघर जलभराव की चपेट में आ गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जांच के बिना बिजली बहाल करना जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण को भी पत्र भेजा गया है।

मुख्य अभियंता ने एनसीएफ की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने नागरिकों से बिजली संबंधी शिकायतों के लिए विभाग की हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।

एनसीएफ ने बिजली व्यवस्था सुधार के लिए कई मांगें भी रखीं। इनमें नोएडा के लिए दीर्घकालिक विद्युत मास्टर प्लान तैयार करना, नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करना, जर्जर विद्युत लाइनों को बदलना, खुले ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण शामिल है।

इसके अलावा संस्था ने रात्रिकालीन आपातकालीन व्यवस्था मजबूत करने, औद्योगिक क्षेत्रों, सोसायटियों और ग्रामीण इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। एनसीएफ ने अवैध बिजली कनेक्शन देने वाले कथित बिजली माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और प्रत्येक विद्युत उपकेंद्र पर 24 घंटे वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की भी मांग की।

शालिनी सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाला नोएडा आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में प्रभावी विद्युत मास्टर प्लान, विभागीय समन्वय और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो नोएडा सिटीजन फोरम जनहित में आगे की रणनीति तैयार करेगा।

Next Story