उत्तर प्रदेश

Shahjahanpur में बवाल, पुलिस-प्रशासन सतर्क

Admindelhi1
13 Sept 2025 12:06 PM IST
Shahjahanpur में बवाल, पुलिस-प्रशासन सतर्क
x

शाहजहांपुर: नगर में शुक्रवार रात एक विशेष समुदाय पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बवाल हो गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने थाना घेर लिया। अल्लाह हू अकबर जैसे धार्मिक नारे लगाए और हंगामा करने लगे। भीड़ ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। इसके बावजूद लोग शांत नहीं हुए। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, पर लोग नहीं माने।

माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने लाठी जमीन पर पटकते हुए लोगों को खदेड़ा। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। उनकी चप्पलें सड़क पर छूट गईं। इस दौरान लोग बाइकें छोड़कर भाग गए। बमुश्किल पुलिस ने हालात को काबू में किया। करीब तीन घंटे तक हंगामा चला। तनाव को देखते कई थानों की फोर्स के साथ डीएम-एसपी ने फ्लैग मार्च किया। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ लोग ऐसे माहौल में फायदा उठाने का प्रयास करते हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पत्थरबाजी की कोई सूचना नहीं है। कुछ लोग अभी भी रोड पर बैठे हैं, उनको समझाने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी का मामला आया था। तत्काल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। शांति बनाए रखें।

पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया है। ईदगाह कमेटी के सदस्य कासिम रजा ने बताया कि आज शाम साढ़े छह बजे केके दीक्षित नाम के व्यक्ति ने पैगंबर साहब और कुरान को लेकर अभद्र टिप्पणी की। आरोपी बहादुरन का रहने वाला है। सोशल मीडिया पोस्ट में आरोपी ने बहुत गालियां दी थीं। इसके बाद हमने कप्तान को पूरा मामला बताया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है। मेरी प्रशासन से मांग कि ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। कासिम रजा ने कहा, आरोपी की हरकत पर लोगों में गुस्सा था। इसी कारण भीड़ आउट ऑफ कंट्रोल हो गई। भीड़ में कुछ असमाजिक तत्व भी होते हैं।

जिन्होंने भीड़ में घुसकर माहौल खराब किया। अनर्गल नारेबाजी की। जबकि पुलिस अपना काम कर रही थी। मैंने लोगों से शांति की अपील की है। जितना गुस्सा लोगों में है, उतना ही मुझमें है, लेकिन हम कानून हाथ में नहीं लेते हैं। पुलिस ने हालात को संभाला है। थाना सदर बाजार से लेकर लाल इमली चौराहे तक पुलिस फोर्स तैनात हैं।

Next Story