उत्तर प्रदेश

योगी के शहर में बदलेगा सड़क का रूट GDA ने तैयार की नई योजना

Ratna Netam
7 Sept 2026 4:30 PM IST
योगी के शहर में बदलेगा सड़क का रूट GDA ने तैयार की नई योजना
x
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में ग्रीन सिटी आवासीय कॉलोनी के लोगों के लिए राहत की खबर है। गोरखपुर महायोजना-2031 (पुनरीक्षित) में प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़क के एलाइनमेंट में बदलाव की तैयारी की गई है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने सोनौली मार्ग से हार्बर्ट बंधा तक प्रस्तावित सड़क के उस हिस्से को हटाने का फैसला किया है, जो ग्रीन सिटी आवासीय कॉलोनी के बीच से गुजर रहा था।
इस बदलाव से कॉलोनी में पहले से बने मकानों और स्वीकृत ले-आउट पर मंडरा रही परेशानी दूर होने की उम्मीद है। GDA बोर्ड की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अब आवश्यक संशोधन के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
360 मीटर तक यथावत रहेगी 24 मीटर सड़क
नई योजना के मुताबिक सोनौली मार्ग से विनायकपुर कॉलोनी मोड़ तक करीब 360 मीटर लंबाई में प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़क में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। यह हिस्सा महायोजना के अनुसार यथावत रहेगा।
बड़ा बदलाव विनायकपुर कॉलोनी मोड़ के आगे होगा। यहां से ग्रीन सिटी के बीच होते हुए हार्बर्ट बंधा तक प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़क को महायोजना से हटाने की तैयारी है। इसके बदले पहले से मौजूद वैकल्पिक मार्ग को महायोजना मार्ग का दर्जा दिया जाएगा।
12 मीटर चौड़ी मौजूदा सड़क बनेगी विकल्प
विनायकपुर कॉलोनी मोड़ से बनकटवा मार्ग तक पहले से करीब 12 मीटर चौड़ी सड़क मौजूद है। GDA अब इसी सड़क को महायोजना मार्ग के रूप में चिह्नित करने की तैयारी कर रहा है। प्राधिकरण का मानना है कि इस वैकल्पिक सड़क की मौजूदगी के कारण 24 मीटर चौड़े प्रस्तावित मार्ग का हिस्सा हटाने से क्षेत्र का यातायात संपर्क प्रभावित नहीं होगा।
इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा ग्रीन सिटी आवासीय कॉलोनी के उन लोगों को मिलेगा, जिनके मकान प्रस्तावित सड़क के एलाइनमेंट से प्रभावित होने की आशंका थी।
वर्ष 2000 में स्वीकृत हुई थी ग्रीन सिटी योजना
ग्रीन सिटी आवासीय योजना वर्ष 2000 में तत्कालीन गोरखपुर महायोजना-2001 के आवासीय भू-उपयोग के आधार पर स्वीकृत की गई थी। इसी स्वीकृत ले-आउट के आधार पर यहां मकानों के भवन मानचित्र भी पास किए गए थे।
लेकिन मौजूदा महायोजना-2031 में 24 मीटर चौड़ी सड़क का एलाइनमेंट ग्रीन सिटी में पहले से बने मकानों के बीच से गुजर रहा था। इससे पहले से स्वीकृत ले-आउट और भवनों पर असर पड़ने की आशंका पैदा हो गई थी। इसी समस्या को देखते हुए GDA ने मौके की स्थिति का निरीक्षण कराया।
निरीक्षण के बाद तैयार हुआ नया प्लान
अधिकारियों के स्थलीय निरीक्षण में सामने आया कि विनायकपुर मोड़ के आगे महायोजना में दिखाई गई 24 मीटर चौड़ी सड़क मौके पर मौजूद नहीं है। इसके बजाय वहां 12 मीटर चौड़ी सड़क पहले से बनी हुई है, जो बनकटवा मार्ग तक जाती है।
इसके बाद 24 मीटर सड़क के संबंधित हिस्से को हटाकर मौजूदा 12 मीटर सड़क को महायोजना मार्ग के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। 31 अगस्त को हुई GDA बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई।
खाली होने वाली जमीन बनेगी आवासीय
प्रस्तावित 24 मीटर सड़क को महायोजना से हटाने के बाद उससे मुक्त होने वाली जमीन को आवासीय भू-उपयोग में शामिल किया जाएगा। इससे ग्रीन सिटी के पहले से स्वीकृत ले-आउट और उसके आधार पर पास किए गए भवन मानचित्रों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
अब उत्तर प्रदेश नगर योजना और विकास अधिनियम-1973 की धारा 13(2) के तहत महायोजना में संशोधन के लिए प्रस्ताव शासन के पास भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद प्रस्तावित बदलाव को आगे लागू करने का रास्ता साफ होगा।
Next Story