- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- दक्षिणपंथी संगठनों ने...
दक्षिणपंथी संगठनों ने मांस की दुकानें जलाने के आरोप में गिरफ्तारी का विरोध किया, रिहाई की मांग

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में दक्षिणपंथी संगठनों के करीब दो दर्जन लोगों ने मांस की दुकानों को जलाने के आरोप में कुछ लोगों की 'गलत' गिरफ्तारी के खिलाफ सोमवार को यहां विरोध-प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार लोगों की तुरंत रिहाई की मांग की। बता दें कि एक पुजारी को शनिवार तड़के मंदिर के अंदर मांस के टुकड़े मिले थे। पुलिस ने बताया कि घटना से आक्रोशित भीड़ ने पास स्थित मांस की बिक्री करने वाली तीन दुकानों में आग लगा दी थी। यह घटना तालग्राम थाना क्षेत्र के रसूलाबाद गांव की है। जिला प्रशासन द्वारा 'आम लोगों' की गिरफ्तारी के विरोध में दक्षिणपंथी संगठनों के करीब दो दर्जन लोगों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। गलत तरीके से गिरफ्तार किए गए लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग करते हुए लोगो ने भगवा परिधान पहनकर 'हनुमान चालीसा' का पाठ किया। विरोध प्रदर्शन करने वाले लोग विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्य बताये जा रहे हैं।
