- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पुलिस के हत्थे चढ़ा...

x
मुरादाबाद। छह साल में धन दोगुना करने के नाम पर 20,000 से अधिक लोगों को 100 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाने वाले ठग को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चिटफंड कंपनी बनाकर यूपी व उत्तराखंड में ठगी करने वाले आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया व सीओ सिविल लाइंस डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि मूलरूप से छजलैट थानाक्षेत्र के गोविंदपुर ज्ञानपुर गांव निवासी अजय कुमार यादव सिविल लाइंस के आशियाना फेज- दो में रहता था। जनहित म्युचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड नाम की चिटफंड कंपनी बनाकर ग्राहकों को फंसाने लगा। छह साल में धन दोगुना करने का लालच देकर उसने सैकड़ों लोगों के रुपये कंपनी में जमा कराए।
इसकी अवधि पूरा होने के पहले ही अजय कंपनी के दफ्तर पर ताला लगाकर फरार हो गया। पीड़ित ग्राहकों की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने ने अजय व उसके साथियों के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज किए। इनमें तीन मामलों की विवेचना अपराध निरीक्षक उदयवीर सिंह कर रहे हैं।
अजय की पत्नी व उसके तीन सहयोगियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। दो आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर किया था। छठा आरोपी व गिरोह का सरगना अजय यादव फरार चल रहा था। शनिवार को अपराध निरीक्षक व एसआई सौरभ त्यागी ने आशियाना ढाप वाली मंदिर के समीप से उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुरादाबाद। अजय यादव की गिरफ्तारी की खबर आम होते ही लोगों की भीड़ सिविल लाइंस थाने व इसके आसपास जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों से मिलकर पीड़ित ग्राहक रुपये वापस कराने की गुहार लगाते देखे गए। थाने में अचानक उमड़ी भीड़ देख पुलिस भी समझ गई कि अजय यादव के जाल में फंस कर अपनी गाढ़ी कमाई बहुतेरे लोग गंवा चुके हैं। पुलिस की नजर फिलहाल पीड़ितों का सही आंकड़ा जानने पर टिकी है।
सीओ सिविल लाइंस अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस अजय की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी थी। मगर वह गिरफ्तारी से बचने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा था। उसकी पत्नी ममता ने कांठ थाने में पति गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। हालांकि जालसाज दंपत्ति के खेल का कुछ ही दिनों में भंडाफोड़ हो गया।
मुरादाबाद। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि यूपी व उत्तराखंड में ठगी का साम्राज्य खड़ा करने के लिए अजय ने अपने करीबी व रिश्तेदारों को मोहरा बनाया। चिटफंड कंपनी खोल कर करोड़ों रुपये का साम्राज्य खड़ा किया। अजय ने कबूला कि मुरादाबाद के अलावा बिजनौर व अमरोहा में भी उसने कंपनी की शाखा खोली। उत्तराखंड के चंपावत, अल्मोड़ा, चमोली, टिहरी में कार्यालय खोल कर रिश्तेदारों के माध्यम से वह ग्राहकों की रकम ऐंठने लगा।
मुरादाबाद। अभिलेखों में हेराफेरी करके दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों ने दूसरे के नाम की भूमि बेचकर लाखों रुपये हड़प लिए। सिविल लाइंस पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। छजलैट निवासी रनवीर सिंह ने एसएसपी को तहरीर देकर बताया कि चकबंदी से पूर्व मोरा मुस्तहकम गांव निवासी लल्लू सिंह ने कपिल देव सेठ को जमीन बेच दी। कपिल देव ने इसमें से 2,428 वर्ग मीटर जमीन बीना कपूर निवासी खुशहालपुर मझोला को बेची। बीना कपूर ने इसे इफरान अहमद व अन्य को बेच दिया। 30 मई 2011 को इरफान से 140 वर्ग मीटर भूमि रनवीर सिंह ने खरीदी। उन्होंने चहारदीवारी भी करा दी। कुछ समय चहारदीवारी तोड़ दी। पता चला कि लल्लू की विधवा ओमवती से मिलकर भू-माफिया ने इस भूमि का बैनामा दूसरे के नाम कर दिया। तब रनवीर ने ओमवती, नरेन्द्र सिंह आदि के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। ओमवती ने बताया कि 2012 में पैसे का लालच देकर कुछ लोगों ने 334 वर्ग मीटर का बैनामा करा लिया। जबकि मेरे नाम जमीन नहीं है। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने ओमवती समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुरादाबाद। शनिवार को पुलिस ने 22 ठिकानों पर छापेमारी करते हुए स्मैक की 145 पुड़िया व 55 लीटर कच्ची शराब बरामद के साथ तीन को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि सिविल लाइंस थाना की आदर्श कालोनी में नशे के कारोबारी सक्रिय हैं। सीओ सिविल लाइंस के साथ उन्होंने थाना प्रभारी सिविल लाइंस, थाना प्रभारी मैनाठेर, थाना प्रभारी गलशहीद, थाना प्रभारी नागफनी व महिला थाना प्रभारी के साथ आदर्श कालोनी में छापेमारी की। 22 स्थानों से तीन आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 145 पुड़िया स्मैक व 55 लीटर शराब बरामद की। इसके अलावा करीब पांच हजार लीटर लहन नष्ट किया। छापेमारी से कालोनी में अफरातफरी का माहौल रहा।

Admin4
Next Story