- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- साइबर क्राइम का शिकार...
उत्तर प्रदेश
साइबर क्राइम का शिकार बने सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, गंवाए 99 हजार रुपये
Admin4
24 Dec 2022 11:00 AM GMT

x
आगरा। जिले में साइबर क्राइम का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। यहां अपराधियों ने सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी को शिकार बना लिया। मकान किराये पर लेने का लालच दिया। इसके बाद खाते में किराया भेजने का झांसा दिया। मोबाइल पर क्यू आर कोड भेजकर स्कैन कराकर खाते से 99 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की तहरीर पर तीन महीने बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।
डिफेंस कालोनी, सदर निवासी रामवकील सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि आठ सितंबर की शाम को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके घर में किराये पर कमरा चाहिए। घर के फोटो भेज दो। देखने के बाद मकान को फाइनल कर देंगे। रामवकील ने फोटो भेज दिए। इन्हें देखने के बाद उक्त व्यक्ति ने कहा कि एडवांस भेज देते हैं। इसके लिए पेटीएम नंबर बता दो। रामवकील ने पत्नी के पेटीएम का नंबर बताने पर उसने एक रुपया भेजा। चेक करने के लिए एक रुपया वापस अपने नंबर पर मांगा। उन्होंने एक रुपये वापस ट्रांसफर कर दिया। बाद में पेटीएम में ऑनलाइन कुछ समस्या बताते हुए क्यू आर कोड भेजा। रामवकील ने क्यूआर कोड स्कैन किया। इससे 42 हजार रुपये कट गए। आरोपी ने दोबारा स्कैन कराया। इस बार भी 42 हजार रुपये खाते से कट गए। तीसरी बार भी बहाना बनाया कि कुछ समस्या है। इस बार भी क्यूआर कोड स्कैन करा लिया। इस बार 15 हजार रुपये कट गए।
खाते से रकम कटने पर रामवकील के होश उड़ गए। उन्होंने फोन पर बात कर रहे आरोपी से रकमवापस मांगी। उसने कहा गलती से रकम कट गई है। एक और क्यूआर कोड भेजा। मगर, रामवकील ने स्कैन नहीं किया। इसकी शिकायत पर साइबर क्राइम पोर्टल के नंबर पर की। थाना सदर पुलिस का कहना है कि साइबर सेल ने जांच की थी। अब मुकदमा दर्ज किया गया है।

Admin4
Next Story