उत्तर प्रदेश

पॉश कॉलोनी के नागरिक टावर से निकलने वाली विकिरण से भयभीत

Admin Delhi 1
14 Dec 2022 11:46 AM GMT
पॉश कॉलोनी के नागरिक टावर से निकलने वाली विकिरण से भयभीत
x

कंकरखेड़ा न्यूज़: सरधना रोड स्थित पॉश कॉलोनी जगदीशपुरम में लगभग 60 परिवार रहते हैं। कॉलोनी में एक मोबाइल टावर लगा हुआ है। जिस पर कई नेटवर्क कंपनी की कनेक्टिविटी हैं। टावर से निकलने वाली तरंगों के कारण कॉलोनी के ज्यादातर लोग गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो गए हैं। इस कारण कॉलोनी के नागरिकों ने अपने मकानों के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए। कॉलोनी के लोग बुधवार को डीएम व कमिश्नर से मिलेंगे और मामले की जानकारी देंगे। सरधना रोड पर बिजलीघर के सामने जगदीशपुरम के नाम से लगभग 35 साल पुरानी एक पॉश कॉलोनी बनी हुई है। जिसमें अधिकतर अधिकारी पोस्ट के नागरिक रह रहे हैं। कॉलोनी में वर्तमान में 60 परिवार रह रहे हैं। यहां के निवासी सतवीर सिंह, विनोद कुमार, गौरव शर्मा, सुंदरलाल, अमरवीर, कर्मवीर, प्रदीप, श्रीचंद, कांति, अनीता, बबीता, साधना, बाला देवी व सुभाष ने बताया कि लगभग 12 वर्ष पूर्व कॉलोनी में कंपनी के लोगों ने टावर लगा दिया था।

जिस पर वर्तमान में कई कंपनियों के नेटवर्क की कनेक्टिविटी लगी हुई है। नागरिकों का मानना है कि टावर से निकलने वाली तरंगों के कारण ज्यादातर घरों में हृदय, लकवा, हाथ पैरों में दर्द व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां पैदा हो गई हैं। जिस कारण लोगों का कॉलोनी में रहना दुश्वार हो गया है। पूर्व में भी कॉलोनी के लोगों ने कई बार अधिकारियों से मामले की शिकायत की थी। मगर शिकायत का कोई समाधान नहीं निकला था। समाधान नहीं होने पर घरों के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए। कालोनी के नागरिकों के अनुसार अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह मजबूरन मकानों को खाली कर चले जाएंगे। उन्होंने डीएम दीपक मीणा व कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे. से मिलने की बात कही।

आठ साल से युवक लकवे से ग्रस्त: गौरव ने बताया कि उसके पिता अशोक शर्मा आठ साल से लकवे की बीमारी से ग्रस्त हैं। जिसका मुख्य कारण टावर से निकलने वाली तरंगें हैं। चिकित्सकों को भी कई बार दिखाया गया। मगर चिकित्सकों के अनुसार टावर से निकलने वाली तरंगें शरीर को नुकसान पहुंचा रही हैं। पीड़ित युवक ने कई बार कंपनी के लोगों से टावर हटाने के लिए कहा। मगर कंपनी के लोग उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

Next Story