उत्तर प्रदेश

मेरठ दक्षिण सीट पर विकास का रिपोर्ट कार्ड, जनता के मुद्दे बरकरार

Saba Naaz
21 July 2026 3:26 PM IST
मेरठ दक्षिण सीट पर विकास का रिपोर्ट कार्ड, जनता के मुद्दे बरकरार
x

मेरठ। मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर के क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कई दावे किए जा रहे हैं। विधायक की ओर से शिक्षा, खेल, सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास समेत कई परियोजनाओं को अपनी उपलब्धियों में गिनाया गया है। वहीं, क्षेत्र के कई इलाकों में आज भी जलभराव, टूटी सड़कें, पेयजल संकट और सीवर जैसी मूलभूत समस्याएं लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं। ऐसे में विधायक के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड मिलाजुला नजर आता है।

मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में लगातार दूसरी बार विधायक बने डॉ. सोमेंद्र तोमर सरकार में राज्यमंत्री भी हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्य हुए हैं, जबकि स्थानीय लोगों और विपक्ष का आरोप है कि अभी भी कई जरूरी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

क्षेत्र के कई इलाकों में बारिश के दौरान जलभराव बड़ी समस्या बन जाता है। मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स रोड और आसपास की कई कॉलोनियों में जलभराव से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले और नालियां वर्षों पुराने हैं और उनकी सफाई व सुधार का काम पर्याप्त रूप से नहीं हो सका है। बारिश के समय औद्योगिक क्षेत्रों में पानी भरने से कारोबार भी प्रभावित होता है।

पेयजल समस्या भी कई इलाकों में बनी हुई है। जयभीम नगर, प्रताप विहार और लिसाड़ी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गर्मियों में पानी की किल्लत बढ़ जाती है। कई परिवारों को शुद्ध पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है।

सड़कों की स्थिति को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। क्षेत्र की कई सड़कें खराब हालत में हैं। बिजली बंबा बाईपास के चौड़ीकरण का मुद्दा लंबे समय से उठाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस परियोजना का काम अभी तक आगे नहीं बढ़ सका है। संकरी सड़क के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

वहीं, दिल्ली रोड पर जलनिकासी के लिए प्रस्तावित दूसरे नाले का निर्माण भी पूरा नहीं हो पाया है। जागृति विहार एक्सटेंशन रोड और वेदव्यासपुरी से हापुड़ रोड तक प्रस्तावित रिंग रोड जैसी परियोजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई योजनाएं अभी कागजों से आगे नहीं बढ़ पाई हैं।

हालांकि विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर ने अपने कार्यकाल में हुए कई विकास कार्यों का जिक्र किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में महरौली और पूठा में इंटर कॉलेज, गगोल में डिग्री कॉलेज और फफूंडा व गगोल में मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा गगोल तीर्थ, फतेहउल्लापुर में मां ललिता देवी मंदिर और जागृति विहार स्थित मंशा देवी मंदिर में विकास कार्य कराए गए हैं।

विधायक के अनुसार, मोहिउद्दीनपुर खरखौदा मार्ग पर करीब 58 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा पार्कों में ओपन जिम, 50 पार्कों का सौंदर्यीकरण, वेदव्यासपुरी में क्रांतिधरा पार्क, मेरठ मंडपम और डायवर्सिटी पार्क जैसे कार्य भी पूरे किए गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि बिजली बंबा बाईपास चौड़ीकरण और वेदव्यासपुरी से हापुड़ रोड तक इनर रिंग रोड जैसी योजनाओं पर काम प्रक्रिया में है और इन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेता आदिल चौधरी ने विधायक के विकास दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता आज भी सड़क, सीवर, जलनिकासी और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उनका आरोप है कि कई बड़े वादे चुनावी घोषणाओं तक सीमित रह गए हैं।

कुल मिलाकर मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कुछ विकास परियोजनाएं जमीन पर दिखाई देती हैं, लेकिन जलभराव, पेयजल संकट और खराब सड़कों जैसी समस्याएं अभी भी जनता के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। आगामी चुनाव में इन मुद्दों का असर देखने को मिल सकता है।

Next Story