उत्तर प्रदेश

विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, चयनित छात्रों को मिलेगी 24 हजार छात्रवृत्ति

Saba Naaz
24 July 2026 6:55 PM IST
विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, चयनित छात्रों को मिलेगी 24 हजार छात्रवृत्ति
x

सिद्धार्थनगर: देश के स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और विज्ञान प्रतिभा को तराशने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा 'विद्यार्थी विज्ञान मंथन' (VVM) 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। यह परीक्षा विज्ञान भारती (VIBHA), एनसीईआरटी (NCERT), शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 30 सितंबर 2026 तक इसके लिए अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

जिला समन्वयक अभिषेक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 6 से 11वीं तक के अध्ययनरत विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट www.vvm.org.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। परीक्षा शुल्क केवल 200 रुपये निर्धारित किया गया है। यह पूरी परीक्षा डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन आयोजित होगी, जिसमें छात्र अपने घर या विद्यालय से ही मोबाइल, टैबलेट, लैपटॉप या कंप्यूटर का उपयोग करके शामिल हो सकेंगे। विद्यार्थियों को परीक्षा प्रारूप और तैयारी में आसानी के लिए 1 सितंबर से मॉक टेस्ट की सुविधा भी पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।

समय-सारणी के अनुसार, विद्यालय स्तर की पहली चरण की परीक्षा 16 से 21 नवंबर 2026 के बीच आयोजित होगी, जबकि इसके परिणाम 30 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित विद्यार्थियों को दिसंबर और जनवरी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय परीक्षा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को भव्य पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष तक 2,000 रुपये प्रति माह के हिसाब से कुल 24,000 रुपये की 'भास्कर छात्रवृत्ति', नकद पुरस्कार, मोमेंटो और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के 'इनोवेशन हब' की सदस्यता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, छात्रों को इसरो (ISRO), डीआरडीओ (DRDO), सीएसआईआर (CSIR) और आईआईटी (IIT) जैसे देश के शीर्ष वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों में तीन सप्ताह का विशेष इंटर्नशिप प्रशिक्षण प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर मिलेगा।

Next Story