उत्तर प्रदेश

आजम खान पर कार्रवाई को लेकर अखिलेश बोले, सरकार जितनी कमजोर होगी, विपक्ष पर उतने छापे बढ़ेंगे

Rani Sahu
13 Sep 2023 1:29 PM GMT
आजम खान पर कार्रवाई को लेकर अखिलेश बोले, सरकार जितनी कमजोर होगी, विपक्ष पर उतने छापे बढ़ेंगे
x
लखनऊ (आईएएनएस)। आयकर विभाग कर चोरी की जांच के संबंध में यूपी के रामपुर में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के परिसरों पर छापेमारी की है। इसे लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा क‍ि सरकार जितनी कमजोर होगी, विपक्ष पर छापे उतने बढ़ते जायेंगे।
अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी एकजुटता और इंडिया गठबंधन से डरी हुई है। घोसी विधानसभा उपचुनाव की करारी हार से पूरी बौखला गयी है। सरकार जितनी कमजोर होगी, विपक्ष पर छापे उतने ही बढ़ते जाएंगे।
सरकार तानाशाही और केन्द्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग बंद करे। भाजपाई याद रखे, तानाशाहों के अहंकार का अंत अवश्य होता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता लोकतंत्र विरोधी, संविधान विरोधी, तानाशाही आचरण वाली भाजपा सरकार को करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि यह सरकार विरोधी दलों के नेताओं के खिलाफ लगातार बदले की भावना से काम कर रही है। इससे पहले भी भाजपा ने आजम खान की ईमानदार छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए फर्जी मुकदमे लगाए थे। उन्हें कोर्ट से राहत मिली।
उन्होंने कहा कि आजम खान सच की आवाज हैं। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखी है। शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय बनाया। आजम खान सदैव फिरका-परस्त ताकतों से लड़ते रहे हैं। आज पूरी समाजवादी पार्टी उनकी आवाज के साथ खड़ी है।
Next Story