उत्तर प्रदेश

रैपिड रेल का तेज हुआ निर्माण, साहिबाबाद से दुहाई तक सफर 2023 में, 2024 में मेरठ तक पूरा होगा काम

Renuka Sahu
4 April 2022 3:00 AM GMT
रैपिड रेल का तेज हुआ निर्माण, साहिबाबाद से दुहाई तक सफर 2023 में, 2024 में मेरठ तक पूरा होगा काम
x

फाइल फोटो 

एनसीआरटीसी ने दावा किया है कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। एनसीआरटीसी ने दावा किया है कि दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। 2023 में हर हाल में दुहाई और 2024 में मेरठ तक रैपिड का सफर होगा। कार्य की रफ्तार ऐसी है कि दिसंबर-2022 तक साहिबाबाद से दुहाई रैपिड का सफर शुरू हो सकता है।

रविवार को दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट का केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव और एनसीआरटीसी चेयरमैन मनोज जोशी ने दिल्ली से दुहाई तक रैपिड रेल के कार्यो का जायजा लिया। पूर्व सचिव दुर्गाशंकर मिश्र के प्रदेश के मुख्य सचिव बनने के बाद चेयरमैन व सचिव का यह दौरा था। इस दौरान एनसीआरटीसी के एमडी विनय कुमार सिंह ने चेयरमैन को बताया कि दिल्ली से मेरठ तक प्रोजेक्ट का कार्य तेजी से चल रहा है।
ऐसे में प्राथमिकता खंड साहिबाबाद से दुहाई तक का सफर मार्च-2023 तक चालू करने का लक्ष्य है, लेकिन यह पहले चालू हो सकता है। इसी तरह दिल्ली से मेरठ का सफर 2024 तक होना है, लेकिन यह कार्य भी पहले संभव है। सचिव व चेयरमैन ने कहा कि यह एनसीआर का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। गुणवत्ता के साथ इसे समय पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने गाजियाबाद आरआरटीएस स्टेशन साइट का भी दौरा किया, जो इस कॉरिडोर के 25 स्टेशन में सबसे ऊंचा और सबसे बड़ा है। उसके बाद दुहाई डिपो भी पहुंचे।
सराय काले खां से शुरू हुआ निरीक्षण
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव व एनसीआरटीसी चेयरमैन का निरीक्षण सराय काले खां आरआरटीएस स्टेशन से शुरू हुआ। बताया कि सराय काले खां रैपिड का महत्वपूर्ण जंक्शन होगा। आरआरटीएस के पहले चरण के सभी तीन कॉरिडोर एक साथ आ रहे हैं और आपस में लिंक होंगे। रैपिड के स्टेशन के साथ परिवहन के अन्य साधनों जैसे मेट्रो स्टेशनों, बस टर्मिनल और रेलवे स्टेशनों से भी कनेक्ट होगा।
Next Story