- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मेड़ विवाद में...

x
आगरा में मेड़ को लेकर चली गोलियां
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में खेत की मेड़ की मिट्टी को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फतेहाबाद क्षेत्र के निबोहरा थाना अंतर्गत गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गोली लगने से 18 वर्षीय युवती बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक गांव गढ़ी धर्मजीत निवासी रमेश चंद्र और अजमेर सिंह के खेत आसपास हैं। रविवार शाम करीब पांच बजे खेत की मेड़ काटने और उसकी मिट्टी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। रमेश चंद्र पक्ष ने मेड़ काटने के कारण मिट्टी अपने खेत में आने की बात कही। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि रमेश चंद्र पक्ष के लोग अपने मकान पहुंचे और लाइसेंसी हथियार लेकर आए। इसके बाद गली में अजमेर सिंह पक्ष के लोगों पर गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण जान बचाने के लिए अपने घरों की ओर भागे।
फायरिंग के दौरान अजमेर सिंह के भतीजे राजेंद्र की 18 वर्षीय बेटी बृजेश की गर्दन में गोली लगी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बृजेश बारहवीं कक्षा की छात्रा थी। गोलीबारी में अजमेर सिंह, उनका बेटा जितेंद्र सिंह, हरेंद्र और मनोहर सिंह की बेटियां भावना एवं मधु घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गांव में कई राउंड फायरिंग होने से दहशत फैल गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी गांव पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से खोखे और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटना के बाद महिला मल्ला देवी समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वारदात में किन-किन लोगों की भूमिका रही और फायरिंग में कितने हथियारों का इस्तेमाल किया गया। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। युवती की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
Next Story





