उत्तर प्रदेश

शौच करने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म

Admin4
19 Feb 2023 1:37 PM GMT
शौच करने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म
x
लखीमपुर-खीरी। थाना शारदा नगर क्षेत्र में खेत की तरफ गई एक 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित किशोरी का कहना है कि आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पिटाई भी की। पीड़ित किशोरी ने परिजनों के साथ थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
थाना शारदा नगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी खेतों की तरफ शौच करने गई थी। इसी बीच पहुंचे गांव के ही हीरालाल ने किशोरी को दबोच लिया और उसे गन्ने के खेत में खींच ले गया। किशोरी के मुताबिक आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। दरिंदगी करने के बाद आरोपी शोर मचाने और घटना किसी से बताने पर जान से मार देने की धमकी देकर भाग निकला।
आरोपी के चंगुल से छूटी पीड़ित किशोरी घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। किशोरी की बात सुनकर परिवार वालों के होश उड़ गए। परिजन उसे लेकर थाना पहुंचे और आरोपी हीरालाल के खिलाफ थाना शारदा नगर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट भी लगाया है। पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन वह अभी पुलिस के हाथ नहीं आ सका है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story