उत्तर प्रदेश

Rampur: बकरी चोरी कर भाग रहे बदमाशों की कार खाई में गिरी

Admindelhi1
2 March 2026 2:24 PM IST
Rampur: बकरी चोरी कर भाग रहे बदमाशों की कार खाई में गिरी
x

रामपुर: थाना केमरी क्षेत्र के स्वार खुर्द गांव में सोमवार को बकरी चोरी की घटना ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब भाग रहे बदमाशों की कार खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर के समय एक सफेद क्रेटा कार में सवार होकर तीन युवक गांव में पहुंचे। उन्होंने गांव निवासी जागन लाल के घर के बाहर बंधी बकरी की रस्सी चाकू से काटी और उसे जबरन कार में डाल लिया। उसी दौरान पास में खेल रहे बच्चों ने घटना देख ली और शोर मचा दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कार का पीछा शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि घबराहट में तेज रफ्तार से भाग रहे आरोपियों की कार गांव से बाहर कच्चे रास्ते पर असंतुलित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद तीनों युवक कार से निकलकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर एक आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार खाई में गिरी दिखाई दे रही है और ग्रामीण आरोपी को पकड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो और मौके की स्थिति के आधार पर जांच की जा रही है। फरार दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से कानून हाथ में न लेने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

Next Story