- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Rampur: दहेज में 5 लाख...
Rampur: दहेज में 5 लाख रुपये न मिलने पर पति ने दिया तलाक

रामपुर: दहेज में 5 लाख रुपये न देने पर पति ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कोतवाली थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शादी के बाद शुरू हुई पैसों की मांग: कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव कूंचा नक्कलान निवासी जिकरा ने बताया कि उसकी शादी 26 फरवरी 2020 को पीर की पैंठ निवासी मोहम्मद गुलफाम से हुई थी। शादी के एक महीने बाद ही ससुरालियों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। जिकरा का आरोप है कि उसका पति गुलफाम कारोबार के लिए 5 लाख रुपये मांगता था, जबकि सास सुहाना, ननद इकरा, उजेफा और उमरा भी लगातार पैसों के लिए दबाव बना रही थीं।
बेटी के जन्म के बाद बढ़ा उत्पीड़न
कुछ समय बाद जिकरा ने एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद ससुरालियों ने उसे और ज्यादा प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यहां तक कि ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराने की धमकी देने लगे।
पति ने दूसरी शादी कर ली
जिकरा ने बताया कि 5 अगस्त 2024 को उसके पति मोहम्मद गुलफाम ने सायमा नाम की युवती से शादी कर ली। इस घटना से जिकरा के होश उड़ गए। उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ। समझौते के तहत पति को हर महीने 5 हजार रुपये खर्च देने का वादा किया गया था, लेकिन बाद में उसने पैसे देने से मना कर दिया।
तलाक देकर किया बेघर
इसके बाद पति ने तलाक दे दिया और ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। मजबूर होकर वह मायके लौट आई और कोतवाली थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।





