- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Rampur: तेज रफ्तार...
Rampur: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

रामपुर: शुक्रवार शाम तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
घटना थाना शीशगढ़ क्षेत्र के बेगमाबाद गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने की है। गांव रूस्तमनगर निवासी चंद्रपाल का 20 वर्षीय बेटा निखिल शुक्रवार दोपहर अपने दोस्तों संतविंदर और मुनीश के साथ बाइक से स्वालेपुर गांव आम तोड़ने गया था। शाम करीब छह बजे तीनों वापस लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतविंदर और मुनीश की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।





