उत्तर प्रदेश

दबंगों का तांडव LIVE, दुकान में घुसकर तोड़फोड़, विरोध करने पर युवक को हॉकी-सरिया से पीटा

jantaserishta.com
28 Nov 2026 5:49 PM IST
दबंगों का तांडव LIVE, दुकान में घुसकर तोड़फोड़, विरोध करने पर युवक को हॉकी-सरिया से पीटा
x
देखें वीडियो.
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में दबंगों ने दिनदहाड़े एक दुकान में घुसकर जमकर उत्पात मचाया. आरोपियों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर संचालक युवक को लाठी-डंडों, हॉकी और लोहे की सरिया से बेरहमी से पीटा. हमलावरों ने युवक को जमीन पर गिराने के बाद भी उस पर डंडे बरसाना बंद नहीं किया. बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग को भी धमकाया गया. इस पूरी वारदात का 24 सेकंड का वीडियो सामने आया है. पुलिस ने मामले में चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना रक्सा थाना क्षेत्र के कस्बे की है. सामने आए वीडियो में सड़क किनारे स्थित दुकान के बाहर कुछ युवक हाथों में लंबे डंडे और रॉड लेकर एक युवक को घेरकर पीटते दिखाई दे रहे हैं. हमलावर लगातार उस पर वार करते हैं. पिटाई के दौरान पीड़ित जमीन पर बैठ जाता है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे मारना जारी रखते हैं.
इस बीच एक बुजुर्ग व्यक्ति युवक को बचाने के लिए आगे आता है तो हमलावर उसे भी डराते-धमकाते नजर आते हैं. घटनास्थल के आसपास लोग और राहगीर मौजूद हैं, लेकिन आरोपियों की दबंगई के चलते कोई बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता. मारपीट के बाद हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं.
मामले में मोहल्ला अथाई, कस्बा रक्सा निवासी सूरज प्रजापति ने पुलिस को शिकायत दी थी. उन्होंने बताया कि कुछ लोग एकजुट होकर उनके भाई पवन प्रजापति की दुकान पर पहुंचे थे. आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की सरिया थी. दुकान में घुसते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां रखे सामान में तोड़फोड़ करने लगे.
पवन ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया. इस पिटाई में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर हो गया. शिकायत के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले.
शिकायत मिलने के बाद रक्सा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रामगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास घेराबंदी की और चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश राजपूत पुत्र हरिश्चन्द्र राजपूत, शिवा राजपूत पुत्र भगवान सिंह राजपूत, अर्जुन राजपूत पुत्र कप्तान सिंह राजपूत और विवेक राजपूत पुत्र जसवन्त सिंह राजपूत के रूप में हुई है. चारों आरोपी कस्बा रक्सा के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक हॉकी स्टिक और दो डंडे बरामद किए हैं. मामले में रक्सा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. सीओ सदर सिमरन सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रक्सा पुलिस ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने और युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई की है. घटना के अगले ही दिन चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
उन्होंने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल एक हॉकी स्टिक और दो डंडे भी बरामद हुए हैं. चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story