- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- रामायण वाल्मीकि की...

झांसी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि मंदिर, नगर निगम प्रांगण में आयोजित आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी को महर्षि वाल्मीकि का चित्र एवं पुष्प देकर स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी ने महर्षि वाल्मीकि जयन्ती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन चरित पर आधारित महाकाव्य रामायण की रचना महर्षि वाल्मीकि ने की थी।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुनिया की कोई ऐसी भाषा नहीं है, जिसमें वाल्मीकिकृत रामायण को आधार न बनाया हो। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन चरित्र को जनता तक पहुंचाने का श्रेय अगर किसी को जाता है, तो वह त्रेता युग में महर्षि वाल्मीकि को और कलियुग में संत तुलसीदास को है। महर्षि वाल्मीकि ने दुनिया का भगवान श्रीराम के पावन चरित्र से साक्षात्कार कराकर प्रत्येक नागरिक के मन में सकारात्मक ऊर्जा के भाव का संचार करने का कार्य किया है। सौभाग्य है कि आज हम सभी एक साथ मिलकर इस त्रिकालदर्शी ऋषि के प्रति श्रद्धा व सम्मान का भाव व्यक्त कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि के जीवन चरित्र से सभी लोग प्रेरणा व प्रकाश प्राप्त कर देश और समाज के लिए अपने आपको समर्पित करेंगे।
जिलाधिकारी ने महर्षि बाल्मीकि पर आधारित नाटक में अभिनय करने वाले पात्रों को सम्मानित भी किया एवं समाज में सफाई कर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने उनकी स्थानीय समस्याओं के समाधान करने का आश्वासन दिया।
