- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ram temple चढ़ावा...
Ram temple चढ़ावा विवाद गहराया, FIR को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी

Ayodhya अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावे की राशि से जुड़े कथित चोरी मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फैजाबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि उनकी ओर से दी गई शिकायत पर अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है। इसको लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और अलग से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
फैजाबाद बार एसोसिएशन की कोर कमेटी के सदस्य और अधिवक्ता सौरभ मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में उन्होंने और अन्य अधिवक्ताओं ने गंभीर तथ्यों के आधार पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की प्रतियां पुलिस और प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारियों को भी उपलब्ध कराई गई थीं। लेकिन अभी तक उनकी शिकायत के आधार पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
अधिवक्ता सौरभ मिश्रा का कहना है कि उनकी शिकायत में जिन बिंदुओं को उठाया गया है, वे मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर से अलग हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों शिकायतों में तथ्यों का अंतर है और उनकी शिकायत में कई ऐसे पहलुओं का उल्लेख किया गया है, जिनकी जांच किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मामले में पहले बरामद की गई राशि से जुड़े सवाल भी उनकी शिकायत का हिस्सा थे। अधिवक्ताओं का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तभी संभव है, जब शिकायत में बताए गए सभी तथ्यों को जांच के दायरे में शामिल किया जाए।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मांग की है कि उनकी शिकायत को भी गंभीरता से लेते हुए उस पर प्राथमिकी दर्ज की जाए और स्वतंत्र जांच कराई जाए। उनका कहना है कि मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल से जुड़े मामले में पारदर्शिता बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी तरह की शंका की स्थिति पैदा न हो।
गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले में मंदिर ट्रस्ट की ओर से पहले ही शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। अब अधिवक्ताओं की ओर से अलग तथ्यों के आधार पर शिकायत किए जाने के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।
वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी इस मामले में विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद मंदिर से जुड़े किसी भी मामले को लेकर प्रशासन बेहद सतर्क है। ऐसे में चढ़ावा चोरी प्रकरण में अधिवक्ताओं की नई शिकायत और निष्पक्ष जांच की मांग ने एक बार फिर मामले को चर्चा में ला दिया है। अब सभी की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर है।





