- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ram Mandir: SIT जांच...

उत्तर प्रदेश: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में कथित हेराफेरी की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) रविवार शाम सभी अहम सबूतों के साथ लखनऊ पहुंच गई. टीम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपने की तैयारी में है.
जानकारी के अनुसार, SIT ने छह दिनों की जांच में मिले सभी साक्ष्यों को 7 पेन ड्राइव में सुरक्षित किया है. इन साक्ष्यों में CCTV फुटेज, दानपात्रों से धन संग्रह की प्रक्रिया, बैंक ट्रांजैक्शन, दान राशि की गिनती और खर्च से जुड़े दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं. जांच के दौरान 150 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से करीब 25 लोगों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
SIT ने दान प्रबंधन से जुड़े कई कर्मचारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों से पूछताछ की है. इसमें ट्रस्ट से जुड़े कुछ नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं. जांच के दौरान बैंक खातों की भी गहन पड़ताल की गई और कई वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई गई है.
सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में करीब 2 करोड़ रुपये की रिकवरी भी की गई है. यह राशि उन लोगों की निशानदेही पर मिली है जो दान राशि की गिनती और प्रबंधन से जुड़े थे. वहीं, कुछ मामलों में सोना मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी मात्रा की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
इससे पहले मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही. विपक्षी दलों ने जांच की मांग उठाई थी, जबकि ट्रस्ट ने आरोपों से इनकार किया था. बाद में मामला तूल पकड़ने पर जांच SIT को सौंपी गई.
फिलहाल SIT की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी. जांच एजेंसियों की नजर अब उन सभी संदिग्धों पर है जिनके नाम इस जांच में सामने आए हैं.





