उत्तर प्रदेश

Rain बनी आफत, गली में भरे पानी में डूबकर मासूम की मौत

Ratna Netam
9 July 2026 7:35 PM IST
Rain  बनी आफत, गली में भरे पानी में डूबकर मासूम की मौत
x

Ghaziabad गाजियाबाद : लगातार हो रही बारिश के बीच गाजियाबाद में जलभराव की समस्या अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गली में भरे बारिश के पानी में डूबने से 3 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही का आरोप लगाते हुए बच्ची का शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

मृतक बच्ची की पहचान मानवी उर्फ पल्लवी पुत्री सुमित कुमार के रूप में हुई है। बच्ची की उम्र करीब 3 साल बताई जा रही है। परिजन मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के ग्राम सिरौली के रहने वाले हैं। परिवार पिछले करीब एक साल से गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र स्थित सर्वोदय नगर की गली नंबर-16 में किराए के मकान में रह रहा था।

परिजनों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण घर के बाहर गली में काफी मात्रा में पानी भर गया था। जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण गली में कई फीट तक पानी जमा हो गया था। इसी दौरान मासूम बच्ची घर से बाहर निकल गई और अचानक उसका पैर फिसल गया। देखते ही देखते बच्ची पानी में डूबने लगी।

बच्ची को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नाले और सीवर लंबे समय से जाम हैं। बारिश होते ही गलियों में पानी भर जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होती तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी उपासना पांडे समेत पुलिस टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में बच्ची का अंतिम संस्कार कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वोदय नगर क्षेत्र में नालों और सीवर की तत्काल सफाई कराई जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो।

Next Story