- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Rain बनी आफत, नोएडा...

Noida नोएडा : गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद शुक्रवार सुबह नोएडा के सेक्टर-12 स्थित वाई-ब्लॉक में बड़ा हादसा हो गया। यहां नोएडा प्राधिकरण की करीब 10 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से उसके नीचे खड़ी तीन से अधिक कारें मलबे की चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, अचानक दीवार गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जिस प्लॉट की दीवार गिरी है, वह नोएडा प्राधिकरण का अधिकृत प्लॉट है और प्राधिकरण के कब्जे में है। इस प्लॉट की सुरक्षा के लिए चारों ओर दीवार बनाई गई थी। गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद शुक्रवार सुबह अचानक एक तरफ की दीवार कमजोर होकर गिर गई।
दीवार गिरने के बाद बड़ी मात्रा में मलबा सड़क और गली में फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। हादसे में दीवार के नीचे खड़ी कारों के शीशे टूट गए और वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर गिरी हुई ईंटों और निर्माण सामग्री को देखकर दीवार की मजबूती पर संदेह होता है। लोगों का आरोप है कि अगर यह हादसा दिन के व्यस्त समय में होता और वहां लोगों की आवाजाही होती, तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
निवासियों ने बताया कि प्लॉट की बाकी तीनों दीवारें भी काफी जर्जर स्थिति में हैं। लगातार बारिश के कारण उनमें भी कमजोरी आ गई है और उनके गिरने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते इन दीवारों की जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि गिर चुकी दीवार का मलबा जल्द से जल्द हटाया जाए और बची हुई जर्जर दीवारों की तकनीकी जांच कराई जाए। इसके अलावा उन्होंने कमजोर हिस्सों की मरम्मत या आवश्यकता पड़ने पर दोबारा निर्माण कराने की मांग भी की है।
लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसी संरचनाओं की समय-समय पर जांच जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने प्राधिकरण से सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नोएडा प्राधिकरण मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा और जर्जर दीवारों को लेकर आवश्यक कदम उठाएगा।





