उत्तर प्रदेश

रेल कर्मचारी का शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला

Admin Delhi 1
2 Dec 2022 11:01 AM GMT
रेल कर्मचारी का शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला
x

मुरादाबाद न्यूज़: कटघर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में कटा मिला। युवक रेलवे कर्मी था। कुछ दिन पूर्व हुए हादसे में उसके दोनों पैर खराब हो गए थे। मृतक के बड़े भाई ने उसकी पत्नी और साले पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कटघर थाना क्षेत्र के गांव मछरिया निवासी मनवीर रेलवे कर्मचारी था। छह महीने पहले एक हादसे में उसके पैर खराब हो गए थे। उसे शौच आदि के लिए भी दो लोगों का सहारा लेना पड़ता था। शुक्रवार की सुबह मनवीर का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कुंडे वाली मिलक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। शव दो हिस्सों में कटा हुआ था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस और मृतक के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए और शव को शिनाख्त की। मृतक की पत्नी अंजू ने बताया कि रात करीब 12 बजे तक वह घर में ही थे। इसके बाद उसे नींद आ गई। मृतक के बड़े भाई ने उसकी पत्नी और साले पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उनका कहना है कि मनवीर शौच के लिए भी बिना सहारे के नहीं जा सकता था, ऐसे में वह एक किलोमीटर दूर कैसे चला गया। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही करवाई की जाएगी। आरोपों की जांच की जा रही है।

Next Story