- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Raebareli: तेज रफ्तार...
Raebareli: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर

रायबरेली: गेगासों गंगापुल पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुल पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया।
श्रद्धालुओं की भीड़ से बढ़ा ट्रैफिक, हुआ हादसा: महाशिवरात्रि को लेकर बसों और निजी वाहनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गेगासों गंगा घाट पर गंगाजल लेने पहुंच रहे थे। बांदा, चित्रकूट और फतेहपुर से श्रद्धालु बाराबंकी के लोधेश्वर बाबा मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे, जिससे हाईवे पर ट्रैफिक काफी बढ़ गया था।
इसी दौरान लखनऊ नंबर की एक बाइक पर सवार दो युवक कहीं जा रहे थे, जब तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नहीं, पुलिस कर रही जांच: सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को जिला अस्पताल भेज दिया। सरेनी कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि यह हादसा फतेहपुर जिले के अंतर्गत हुआ है, इसलिए पोस्टमार्टम भी वहीं कराया जाएगा। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





