उत्तर प्रदेश

Raebareli: किसान की फावड़े से हमलाकर हत्या

Admindelhi1
27 Jun 2025 2:38 PM IST
Raebareli: किसान की फावड़े से हमलाकर हत्या
x
"खेत की मेड़ को लेकर विवाद"

रायबरेली: मिल एरिया थाना क्षेत्र के जमालपुर करौंदी गांव में गुरुवार दोपहर खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों ने फावड़े से हमला कर किसान के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जगप्रसाद गुरुवार को अपने खेत की मेड़ बांध रहे थे। तभी गांव के ही रामगोपाल अपने बेटे सौरभ और कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और मेड़ बांधने से मना करने लगा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

इसी दौरान जगप्रसाद का बेटा इंद्रेश कुमार (38) मौके पर पहुंचा और पिता को बचाने की कोशिश करने लगा। तभी हमलावरों ने इंद्रेश पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मिल एरिया थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Next Story