उत्तर प्रदेश

राम मंदिर फंड मैनेजमेंट पर उठे सवाल

Saba Naaz
21 Jun 2026 8:08 PM IST
राम मंदिर फंड मैनेजमेंट पर उठे सवाल
x

उत्तर प्रदेश: अयोध्या के राम मंदिर में दान और वित्तीय प्रबंधन को लेकर अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के अधीन चलने वाली दान व्यवस्था पर हालिया SIT जांच के बाद नियंत्रण और पारदर्शिता को लेकर गंभीर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 40 दानपात्र लगाए गए हैं, जिनमें भक्त अपनी श्रद्धा अनुसार दान करते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दान राशि निकालकर काउंटिंग हॉल तक पहुंचाई जाती है। लेकिन जांच के दौरान सामने आई बातों ने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, कई दानपात्रों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप डबल लॉक सिस्टम नहीं पाया गया। कुछ स्थानों पर केवल एक ताला लगा हुआ मिला, जबकि नियमों के अनुसार दो स्तर की सुरक्षा जरूरी मानी जाती है। इसके अलावा, दानपात्रों की चाबियों के रखरखाव और नियंत्रण व्यवस्था को लेकर भी कई अनियमितताओं की बात सामने आई है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये के दान की पूरी व्यवस्था पर वास्तविक नियंत्रण किसके हाथ में था और निर्णय लेने की प्रक्रिया किस स्तर पर संचालित हो रही थी। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ फैसलों और व्यवस्थाओं में ऐसे लोगों की भूमिका भी रही हो सकती है, जो औपचारिक रूप से ट्रस्ट के सदस्य नहीं हैं। हालांकि, इन सभी आरोपों की जांच अभी जारी है।

सूत्रों के अनुसार, दानपात्रों की खरीद और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़े दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। जांच टीम संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी भी लापरवाही या गड़बड़ी की पुष्टि की जा सके।

फिलहाल SIT जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे सामने आने की संभावना है।

Next Story