- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Purnea: पूर्णिया में...
Purnea: पूर्णिया में सुबह से ही लगी वोटरों की कतारें

पूर्णिया: बिहार विधानसभा चुनाव के तहत पूर्णिया में आज सुबह से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों के जवानों के साथ-साथ बिहार पुलिस की महिला और पुरुष जवान हर बूथ पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं।
चुनाव आयोग ने इस बार मतदाताओं की सुविधा के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मतदान केंद्रों पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं, जहां महिला और पुरुष मतदाता वोट देने के बाद अपनी तस्वीरें खींच रहे हैं। इसके अलावा, मोबाइल रखने के लिए केंद्रों पर विशेष झोले लगाए गए हैं जिनमें क्रमांक अंकित हैं। मतदाता मोबाइल जमा करने के बाद नंबर की पर्ची प्राप्त करते हैं और मतदान के बाद उसी पर्ची के आधार पर अपना मोबाइल वापस लेते हैं।
मतदान केंद्रों पर पहुंचे लोगों ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण है और सभी मतदाता विकास के मुद्दे पर वोट दे रहे हैं। एक महिला मतदाता ने कहा, “हमने नारी सशक्तिकरण और बिहार के विकास की सोच के साथ मतदान किया है।”हालांकि कुछ मतदाताओं ने शिकायत की कि कुछ बूथों पर रोशनी की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी, जिससे मतपत्र पर तस्वीर और नाम देखने में दिक्कत हुई। वहीं पूर्णिया कॉलेज स्थित बूथ नंबर 55 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के खराब होने की शिकायत भी मिली है, जिसे ठीक करने के लिए तकनीकी दल भेजा गया है।
दोपहर के ढाई बजे तक लगभग एवरेज 51 प्रतिशत मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। पूर्णिया के कला भवन में आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है वहां पर काफी साफ सजावट की गई है। पूर्णिया के धमदाहा, अमौर, बनमनखी, कस्बा, रुपौली, बायसी इत्यादि विधान सभा क्षेत्र में फिलहाल शांतिपूर्ण चुनाव चल रहा है।





