- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- चुनाव आयुक्त के खिलाफ...
उत्तर प्रदेश
चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन पड़ा भारी, सपा कार्यकर्ताओं पर FIR
nidhi
9 Oct 2026 8:12 AM IST

x
निषेधाज्ञा के बीच सपा का प्रदर्शन
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन करने के मामले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच नामजद लोगों और करीब 150 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद बिना अनुमति जुलूस निकाला और अंबेडकर चौराहे पर पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
बिना अनुमति निकाला जुलूस, पुलिस से हुई झड़प
पुलिस के अनुसार, बुधवार, 7 अक्टूबर को सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जुलूस निकालते हुए अंबेडकर चौराहे पहुंचे और वहां नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की हो गई। प्रतापगढ़ के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी। इसके बावजूद प्रदर्शन किए जाने और निर्धारित अनुमति नहीं लेने के आरोप में कार्रवाई की गई।
पांच लोगों को नामजद किया गया
पुलिस ने जिन पांच लोगों को नामजद किया है, उनमें राम खेलावन यादव, जावेद अख्तर, चंद्रशेखर पाल, चंद्रशेखर और संदीप यादव शामिल हैं। इनके अलावा लगभग 150 अज्ञात कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
चुनाव आयोग के खिलाफ की गई नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर था। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। धक्कामुक्की के बीच कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निषेधाज्ञा के उल्लंघन और शांति व्यवस्था प्रभावित होने के आरोपों की जांच की जा रही है। दर्ज मुकदमे में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों की मदद से मामले की पड़ताल कर रही है।
Next Story





