उत्तर प्रदेश

जेल में कैदी ने की ख़ुदकुशी, बाथरूम के पीछे फंदे पर लटका मिला शव

Shantanu Roy
4 July 2022 11:28 AM GMT
जेल में कैदी ने की ख़ुदकुशी, बाथरूम के पीछे फंदे पर लटका मिला शव
x
बड़ी खबर

मथुरा। मथुरा जिला जेल में कैदी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। यहां दहेज हत्या के मामले में बंद कैदी ने बैरक के पास बने बाथरूम के पीछे जा कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल पुलिस मामले की जानकारी मिलते ही कैदी को जिला अस्पताल ले कर पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दहेज हत्या के मामले में बंद था मृतक
बल्देव के मंडौरा गांव निवासी हरि सिंह पुत्र धर्म सिंह उम्र 56 वर्ष अपने बेटे की पत्नी की दहेज हत्या के मामले में मई 2021 से जिला कारागार में बंद था। इस मामले में हरि सिंह की पत्नी रामरती और बेटा नीरज भी बंद है।
बैरक नंबर 7,8 के पीछे की आत्महत्या
हरि सिंह मथुरा जेल में मई 2021 से बंद था। सोमवार को हरिसिंह ने दहेज हत्या के मामले में राहत न मिलने से आहत हो कर बैरक नंबर 7,8 के पास बने बाथरूम के पीछे गया और वहां उसने कपड़े से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हरि सिंह के द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हरि सिंह को आनन फानन में फांसी के फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अवसाद से ग्रस्त था हरि सिंह
जेल प्रशासन के अनुसार हरि सिंह उसकी पत्नी और बेटा दहेज हत्या के मामले में जिला जेल में बंद था। दहेज हत्या के मामले में न तो वादी पक्ष से कोई राहत मिल पा रही थी और न ही कोर्ट में चल रहे केस में। इसी अवसाद से ग्रस्त हो कर हरिसिंह ने फांसी लगा ली।
जेल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जिला अस्पताल में डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद जेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार ने बताया कि हरि सिंह 23 मई 2021 से जिला कारागार में निरुद्ध था। सोमवार को हरि सिंह की बेटी से भी बात हुई थी। जिसमें उन्होंने केस में राहत न मिलने की बात कही। इसी के बाद वह दोपहर में बाथरूम के पीछे गए और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Next Story