उत्तर प्रदेश

हरित परिवहन को बढ़ावा देने की तैयारी, गाजियाबाद में बनेंगे नए ईवी चार्जिंग स्टेशन

Ratna Netam
24 July 2026 7:03 PM IST
हरित परिवहन को बढ़ावा देने की तैयारी, गाजियाबाद में बनेंगे नए ईवी चार्जिंग स्टेशन
x

गाजियाबाद : शहर में बढ़ते प्रदूषण को कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम शहर में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत शहर के 20 प्रमुख स्थानों पर 100 से अधिक ईवी चार्जिंग पॉइंट विकसित किए जाएंगे।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द बेहतर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सके।

नगर निगम के अनुसार, फिलहाल 13 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू हो चुका है। वहीं, बाकी 7 स्थानों के चयन की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने बैठक में चिन्हित स्थानों, निर्माण कार्य की स्थिति और परियोजना को समय पर पूरा करने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रकाश विभाग के शेषमणि यादव, संपत्ति विभाग के रामशंकर सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर भी चर्चा की।

नगर निगम द्वारा जिन स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, उनमें राजेंद्र नगर, नया बस अड्डा मल्टीलेवल पार्किंग, हिंडन श्मशान पार्किंग, सिटी फॉरेस्ट (उपवन), राजनगर एक्सटेंशन मेन रोड, क्रॉसिंग रिपब्लिक, ताज हाईवे, अकबरपुर-बहरामपुर, डायमंड फ्लाईओवर, पटेल मार्ग (जीटी रोड), गोविंदपुरम-स्वर्ण जयंतीपुरम, रेत मंडी नंदग्राम और विवेकानंद रेलवे ओवरब्रिज जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने सितंबर तक सभी 100 चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पर्याप्त चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होने से आम लोगों में ईवी खरीदने और इस्तेमाल करने का भरोसा बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शहर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से लोग पेट्रोल और डीजल वाहनों के विकल्प के रूप में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। इससे न केवल वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा, बल्कि ईंधन पर निर्भरता भी कम होगी।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना गाजियाबाद को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। ईवी चार्जिंग स्टेशनों की उपलब्धता से नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक सुविधा मिलेगी।

नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा दिया जाए और आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को आसान बनाया जाए। चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार से गाजियाबाद में स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Next Story