- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Rains से पहले तैयारी...
Rains से पहले तैयारी तेज, नोएडा में नालों की सफाई को लेकर समीक्षा बैठक

Noida नोएडा : बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या, नालों की सफाई और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को नोएडा प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सेक्टर-27 क्लब में हुई इस बैठक की अध्यक्षता नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज सिंह ने की। बैठक में शहर की मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) एके अरोड़ा, महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) आरपी सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष महेश चौहान, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर में चल रही सफाई व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा ने स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को उत्कृष्ट रैंक प्राप्त हुई थी, जबकि वर्ष 2024 में नोएडा उत्तर प्रदेश का एकमात्र शहर रहा, जिसे सुपर स्वच्छ लीग में स्थान मिला।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था के तहत प्रतिदिन करीब 900 टन कचरे का संग्रह और निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट के रूप में निकलने वाले करीब 400 टन कचरे का भी प्रतिदिन निस्तारण किया जा रहा है।
बरसात को देखते हुए अधिकारियों ने बताया कि नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में नालों की चरणबद्ध सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। सभी नालों की सफाई 15 जुलाई तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा शहर के 28 ऐसे स्थानों की पहचान की गई है, जहां बारिश के दौरान जलभराव की समस्या अधिक होती है। इन सभी जगहों पर पंप लगाए गए हैं और जल निकासी के लिए आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
विधायक पंकज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान शहरवासियों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसके लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए।
बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने कुछ क्षेत्रों में नालों की नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत भी रखी। इस पर विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में कमी पाई जा रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
विधायक ने यह भी निर्देश दिए कि नालों की सफाई शुरू करने से पहले स्थानीय आरडब्ल्यूए, ग्राम प्रतिनिधियों और औद्योगिक संगठनों से समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सफाई कार्य प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।
जलभराव से होने वाले यातायात जाम को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे स्थानों के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की जाए, जहां बारिश के दौरान जाम की स्थिति बनती है।
बैठक के अंत में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने विधायक को भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि शहर में जल निकासी, सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।





